फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेंटले की पहली इलेक्ट्रिक कार 2027 में आएगी भारत: कंपनी ने लोकल मैन्युफैक्चरिंग से किया इनकार, बताई ये वजह

Mon, 23 Nov 2026 07:31 PM IST
कुलदीप शर्मा ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • बेंटले अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार टॉर्कल को 2027 की दूसरी छमाही में भारत में लॉन्च करेगी।
  • कंपनी ने भारत में कारों की मैन्युफैक्चरिंग और असेंबली शुरू करने से साफ इनकार किया है।
  • इंडिया-यूके FTA से बेंटले बेंटायगा जैसी पेट्रोल कारों पर आयात शुल्क घटने का फायदा मिल सकता है।
  • कंपनी 2035 के बाद पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारों की ओर बढ़ने की योजना बना रही है।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : Amar Ujala Digital
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लग्जरी कारों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। ब्रिटिश कार कंपनी बेंटले मोटर्स भारत में अपनी पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी इसे 2027 की दूसरी छमाही में भारतीय बाजार में उतारेगी। हालांकि भारत में कारों की बढ़ती मांग और इंडिया-यूके फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के बावजूद कंपनी यहां अपनी गाड़ियों का निर्माण नहीं करेगी। बेंटले के चेयरमैन और सीईओ फ्रैंक-स्टीफन वालिसर ने इसकी वजह भी बताई है।

2027 में भारत आएगी बेंटले की पहली इलेक्ट्रिक कार

बेंटले मोटर्स की पहली पूरी तरह इलेक्ट्रिक कार का नाम टॉर्कल होगा। कंपनी के चेयरमैन और सीईओ फ्रैंक-स्टीफन वालिसर ने पीटीआई को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस कार का उत्पादन 2027 के मध्य में शुरू करने की योजना है। शुरुआती डिलीवरी 2027 की गर्मियों से शुरू हो सकती है। कंपनी पहले इसे ब्रिटेन, यूरोप और अमेरिका के बाजारों में पेश करेगी। इसके बाद चीन और दूसरे देशों में इसकी बिक्री शुरू होगी। भारत में इसे 2027 की दूसरी छमाही में लाने की तैयारी है। हालांकि कंपनी ने अभी इसकी कीमत और भारत में बिक्री की सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया है। बेंटले इस कार को सिर्फ इलेक्ट्रिक तकनीक के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी पारंपरिक लग्जरी और खास पहचान को ध्यान में रखकर तैयार कर रही है।

भारत में कारों का निर्माण क्यों नहीं करेगी कंपनी?

भारत में लग्जरी कारों की मांग बढ़ रही है। इसके बावजूद बेंटले ने साफ कर दिया है कि वह यहां अपनी गाड़ियों की मैन्युफैक्चरिंग या असेंबली शुरू नहीं करेगी। कंपनी अपनी सभी कारें ब्रिटेन के क्रू स्थित मुख्यालय से ही भारत भेजेगी। वालिसर के मुताबिक, बेंटले की गाड़ियों में खास इंजीनियरिंग, कारीगरी और विशेषज्ञ कौशल का इस्तेमाल होता है। ऐसे में भारत में उत्पादन शुरू करना कंपनी के लिए व्यावसायिक रूप से फायदेमंद नहीं होगा। इसके अलावा, कंपनी के ग्राहक भी ब्रिटेन में बनी बेंटले खरीदना पसंद करते हैं। उन्होंने इसकी तुलना स्विट्जरलैंड की घड़ियों से करते हुए कहा कि जिस तरह स्विस घड़ियों की पहचान उनके देश से जुड़ी है, उसी तरह बेंटले की पहचान भी ब्रिटेन से है। इसलिए टैक्स या आयात शुल्क में बदलाव होने पर भी कंपनी अपनी उत्पादन नीति नहीं बदलेगी।

इंडिया-यूके FTA से बेंटले को क्या फायदा होगा?

भारत और ब्रिटेन के बीच हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से बेंटले को भारतीय बाजार में कारोबार बढ़ाने का मौका मिल सकता है। कंपनी के सीईओ ने इसे सकारात्मक कदम बताया है। समझौते के तहत ब्रिटेन में बनी कुछ कारों पर आयात शुल्क में पांच साल के दौरान चरणबद्ध तरीके से कटौती की जाएगी। इससे भारत में कुछ मॉडल पहले के मुकाबले सस्ते हो सकते हैं।

  • इस समझौते का फायदा खासतौर पर बेंटले बेंटायगा जैसी पेट्रोल और डीजल इंजन वाली कारों को मिलेगा।
  • फिलहाल शुल्क में कटौती का लाभ केवल इंटरनल कंबशन इंजन वाली कारों के लिए है।
  • हाइब्रिड और पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारें अभी इस विशेष लाभ के दायरे में नहीं हैं।
  • कंपनी को उम्मीद है कि शुल्क में बदलाव से आने वाले पांच वर्षों में भारतीय बाजार में कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी।

भारत को बड़े बाजार के तौर पर देख रही है कंपनी

बेंटले भारत को अपने लिए संभावनाओं से भरे बाजार के रूप में देख रही है। वालिसर का कहना है कि दुनिया के कई बाजारों में भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन भारत की स्थिति तुलनात्मक रूप से स्थिर और अनुमान के मुताबिक रहने वाली है। हालांकि एफटीए की घोषणा के बाद पिछले साल कंपनी के कारोबार की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई थी। इसकी वजह यह थी कि ग्राहक कीमतों में संभावित कटौती का इंतजार करने लगे थे। कंपनी को इस साल भी उस बदलाव का असर देखने को मिला है। अब बेंटले भारतीय बाजार में मांग के स्थिर होने और अगले पांच वर्षों में बेहतर कारोबार की उम्मीद कर रही है। इसके अलावा कंपनी की मुलिनर डिवीजन के जरिए कारों को ग्राहकों की पसंद के मुताबिक खास डिजाइन और फीचर्स देने की योजना भी है। वालिसर के मुताबिक भारत में अमीर ग्राहक अपनी पसंद के हिसाब से गाड़ियों को तैयार कराने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

2035 के बाद पूरी तरह इलेक्ट्रिक होगी बेंटले

बेंटले ने पहले अपने पूरे पोर्टफोलियो को इलेक्ट्रिक बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन अब कंपनी ने इस योजना को आगे बढ़ा दिया है। वालिसर ने बताया कि कंपनी अब 2035 के बाद पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारों की ओर बढ़ेगी। हालांकि, इसके लिए अभी कोई अंतिम समयसीमा तय नहीं की गई है। उनका कहना है कि हर देश में इलेक्ट्रिक कारों की मांग एक जैसी नहीं है। कहीं सरकारी नियम और प्रोत्साहन इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दे रहे हैं, तो कहीं ग्राहक अभी भी पेट्रोल, डीजल और हाइब्रिड कारों को पसंद कर रहे हैं। ऐसे में बेंटले बाजार की जरूरत के हिसाब से अपनी रणनीति बनाएगी। कंपनी फिलहाल अलग-अलग तरह के पावरट्रेन विकल्पों पर ध्यान दे रही है, ताकि ग्राहकों को उनकी पसंद के मुताबिक लग्जरी कारें मिल सकें।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें