एक वायरल वीडियो में एक शख्स बाइक चला रहा है, जबकि एक महिला खतरनाक स्थिति में उसकी गोद में बैठी है। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था और तेज रफ्तार से चल रहे थे। वीडियो ने इंटरनेट पर धूम मचा दी और बंगलूरू पुलिस ने राइडर की तलाशी शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद, नंबर प्लेट के जरिए उस आदमी का पता लगाया गया और येहलंका पुलिस ने रविवार को उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
येहलंका पुलिस के अनुसार, उस व्यक्ति की पहचान 21 वर्षीय सिलंबरासन के रूप में हुई है। जो एक कैब ड्राइवर है और शाम्पूरा के एमवी लेआउट का रहने वाला है। दोपहिया वाहन चालक के खिलाफ धारा 279 आईपीसी और धारा 184, 189, 129, 177 एमवी अधिनियम के तहत सीआरएम नंबर 80/24 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, और आगे की कार्रवाई 107 सीआरपीसी के तहत की जाएगी।
बंगलूरू पुलिस ने आगे बाइकर्स को चेतावनी दी और पोस्ट किया, "हे रोमांच चाहने वालों, सड़क स्टंट करने का मंच नहीं है! कृपया सभी के लिए इसे सुरक्षित रखें, अपने आप सहित। आइए जिम्मेदारी से चलें।"
इससे पहले, बंगलूरू पुलिस ने एयरपोर्ट रोड पर स्टंट करने वाले कई युवाओं को पकड़ा था। जो दोपहिया वाहनों के लिए खतरे का सबब बन गया है. उल्लंघनकर्ताओं का वास्तविक समय में पता लगाने के लिए इस सड़क पर एआई-पावर्ड कैमरे भी लगाए गए थे। रिकॉर्ड बताते हैं कि बंगलूरू में होने वाली घातक दुर्घटनाओं में से ज्यादातर बाइकर्स के कारण होती हैं।