बजाज ऑटो ने अपनी मशहूर टूरिंग बाइक Dominar 400 का एक नया अवतार लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस बाइक को अब 350cc इंजन के साथ पेश किया है, जिसकी बदौलत इसकी कीमत में भारी कटौती हुई है। कंपनी ने यह कदम खास तौर पर ग्राहकों के पैसे बचाने के लिए उठाया है। दरअसल, 350cc से कम क्षमता वाली बाइक्स पर सिर्फ 18% जीएसटी लगता है, जबकि मौजूदा Dominar 400 (जिसमें 373.3 cc इंजन है) पर 40% का भारी-भरकम टैक्स लगता है। आइए नई Dominar 400 से जुड़ी सभी अहम डिटेल्स पर नजर डालते हैं।
बजाज ने डोमिनार की कीमतों में यह बड़ी कटौती एक सोची-समझी रणनीति के तहत की है। दरअसल, कंपनी ने नई Dominar 400 में अब 349cc का इंजन दिया है, जो भारत सरकार के टैक्स नियमों के लिहाज से एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हुआ है। नियमों के मुताबिक, 350cc से कम क्षमता वाली बाइक्स पर जीएसटी की दर काफी कम लगती है और बजाज ने टैक्स में हुई इसी बचत का सीधा फायदा अपने ग्राहकों तक पहुंचाया है।
सबसे दिलचस्प बात यह है कि इंजन की क्षमता कम होने के बावजूद बजाज ने इस बाइक का नाम 'Dominar 400' ही रखा है। कंपनी का उद्देश्य ब्रांड की पहचान को बनाए रखना और ग्राहकों के बीच किसी भी तरह के भ्रम को रोकना है। हालांकि इंजन छोटा हुआ है, लेकिन परफॉरमेंस के मामले में यह अब भी उतनी ही पावरफुल है। लीक हुई जानकारियों के मुताबिक, नया 350cc इंजन लगभग 39 PS की पावर और 33.2 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जो पुराने मॉडल (40 PS और 35 Nm) के मुकाबले बहुत ही मामूली सा अंतर है।
पावर और टॉर्क में आई यह कमी इतनी कम है कि असल जिंदगी में सड़क पर बाइक चलाते वक्त आपको कोई खास अंतर महसूस नहीं होगा। तकनीकी रूप से देखें तो इंजन के बोर को 89 mm पर बरकरार रखते हुए केवल इसके स्ट्रोक की लंबाई को 60 mm से घटाकर 56.1 mm किया गया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि बाइक की सिग्नेचर 'एग्जॉस्ट नोट' में कोई बदलाव नहीं आया है, जिससे आपको वही पुरानी डोमिनार वाली फील मिलेगी।
अच्छी खबर यह है कि इंजन में हुए इस बदलाव का असर बाइक की प्रीमियम अपील पर बिल्कुल नहीं पड़ा है। बजाज ने इसकी खूबियों और फीचर्स में कोई कटौती नहीं की है, यानी आपको पहले जैसा ही शानदार अनुभव मिलेगा। सस्पेंशन के लिए इसमें आगे की तरफ वही भरोसेमंद 43 mm के USD फोर्क्स और पीछे नाइट्रॉक्स वाला एडजस्टेबल मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। वहीं, बाइक की ग्रिप को मजबूत बनाए रखने के लिए इसमें 17-इंच के अलॉय व्हील्स के साथ चौड़े ट्यूबलेस टायर (फ्रंट 110/R70 और रियर 150/R60) मिलते हैं।
बजाज की इस टैक्स-सेविंग रणनीति का फायदा और भी बाइक्स को मिलेगा। नई Dominar 400 के साथ-साथ, बजाज जल्द ही अपनी Pulsar NS400Z का भी 350cc वर्जन पेश करेगी। यही नहीं, KTM 390 बाइक्स के 350cc वर्जन भी जल्द लॉन्च होने वाले हैं। याद दिला दें कि बजाज पहले ही Triumph 400 रेंज को भी इसी तर्ज पर अपडेट कर चुकी है।
अपनी इस नई और आक्रामक कीमत के साथ, Bajaj Dominar 350 मार्केट में मौजूद Triumph Speed 400 T4 को कड़ी टक्कर देगी, क्योंकि अब दोनों बाइक्स के बीच कीमत का फासला काफी कम हो गया है।
इस लॉन्च पर बात करते हुए बजाज ऑटो लिमिटेड के प्रेसिडेंट (MCBU), सारंग कानाडे ने कहा, "Dominar हमेशा से लंबी और दमदार राइडिंग के लिए जानी जाती है। नए 350cc इंजन के साथ हम इस बाइक को और भी ज्यादा लोगों की पहुंच में ला रहे हैं। राइडर्स को अब कम कीमत और कम मेंटेनेंस खर्चे में वही पुरानी डोमिनार वाली फील मिलेगी। यह कदम भारत में टूरिंग और स्पोर्ट्स मोटरसाइक्लिंग को हर किसी तक पहुंचाने की हमारी एक बड़ी कोशिश है।"