अमेजन की रोबोटैक्सी यूनिट Zoox (जूक्स) ने बुधवार को कहा कि वह ऑस्टिन, टेक्सास और मियामी में अपने ऑटोनॉमस व्हीकल्स (स्वायत्त वाहनों) की टेस्टिंग शुरू करने की योजना बना रही है। यह कदम पश्चिमी संयुक्त राज्य अमेरिका के बाहर इसके पहले परीक्षण स्थल होंगे।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि जूक्स दो शहरों के व्यापार और मनोरंजन जिलों के पास छोटे क्षेत्रों में मानव सुरक्षा चालकों के साथ अपनी संशोधित टोयोटा हाईलैंडर के टेस्ट फ्लीट (परीक्षण बेड़े) को तैनात करेगी।
कैलिफोर्निया और नेवादा में, जूक्स अपने खुद के डिजाइन किए ऑटोनॉमस व्हीकल्स की टेस्टिंग कर रही है। जो स्टीयरिंग व्हील और पैडल के बिना बनाए गए हैं और इनमें चार यात्रियों के बैठने के लिए जगह है, जिनमें से दो आमने-सामने हैं।
यह घोषणा राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) द्वारा दो दुर्घटनाओं के बाद स्वचालित ड्राइविंग सिस्टम से लैस 500 जूक्स वाहनों की जांच के बीच आई है।
ऑस्टिन और मियामी जूक्स के लिए चौथे और पांचवें सार्वजनिक परीक्षण स्थान होंगे, जो पहले से ही सैन फ्रांसिस्को, लास वेगास और सिएटल में परिचालन स्थापित कर चुके हैं।
जूक्स का कहना है कि वह अभी तक ऑस्टिन और मियामी में पब्लिक राइड (सार्वजनिक सवारी) की पेशकश नहीं करेगी। लेकिन लास वेगास और सैन फ्रांसिस्को के अपने लक्षित बाजारों में शुरुआती लॉन्च के बाद कंपनी व्यावसायिक पेशकशों के लिए कई शहरों में संभावनाएं तलाश कर रही है।
जूक्स के साथ, जनरल मोटर्स की Cruise (क्रूज) और अल्फाबेट की Waymo (वेमो) जैसी सेल्फ-ड्राइविंग रोबोटैक्सी कंपनियां ऑटोनॉमस ड्राइविंग कारों के प्रदर्शन से जुड़े NHTSA द्वारा जांच में शामिल रही हैं।
क्रूज ने सोमवार को कहा कि उसने पिछले साल अक्तूबर में सैन फ्रांसिस्को में अपने एक रोबोटैक्सी से जुड़ी एक घटना के कारण, परिचालन को रोकने के बाद, मानव चालकों के एक छोटे बेड़े के साथ डलास, टेक्सास में फिर से परिचालन शुरू कर दिया है।