अगर आपके पास भी Toyota की यह कार है तो आपको बीच सड़क में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है, क्योंकि इसमें आई एक खराबी की वजह से यह कार अचानक से सड़क में बंद हो सकती है। हालांकि कंपनी ने कहा है कि ग्राहकों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगी और कार में आई समस्या को मुफ्त में ठीक करने का भरोसा दिया है।
Toyota ने बड़े पैमाने पर अपनी कार को रिकॉल करने का फैसला किया है। टोयोटा इंजन में संभावित खराबी को देखते हुए दुनिया भर में लगभग 7,52,000 गैस-इलेक्ट्रिक हाइब्रिड वाहनों में वापस मंगा रही है। इन कारों में आई खराबी की वजह से यह बिना किसी चेतावनी के सड़क पर रूक सकती है। कंपनी ने ज्यादातर 2013 से 2015 के बीच बने Prius (प्रायस) और 2014 से 2017 के दौरान बने Prius v hybrid (प्रायस वी हाइब्रिड) कार को रिकॉल कर रही है।
टोयोटा ने हाल ही में एक प्रेस बयान जारी किया जिसमें यह बताया गया कि वाहनों को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि अगर हाइब्रिड सिस्टम के साथ किसी भी समस्या का पता चलता है, तो यह फेल-सेफ मोड में चला जाता है। हालांकि इसकी संभावना बहुत कम है कि फेल-सेफ मोड फेल हो जाए और इंजन का पावर पूरी तरह से खत्म हो जाए, जिससे कार पूरी तरह से खड़ी होने पर मजबूर हो जाए।
ऐसे मामले में, और यदि कार की रफ्तार बहुत ज्यादा है, तो दुर्घटना की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है और टोयोटा का कहना है कि भले ही कार की पावर स्टीयरिंग और ब्रेकिंग फीचर्स काम कर रहे हों, इसके बावजूद कंपनी कोई चांस नहीं लेना चाहती।
दुनिया भर के डीलर को सूचित किया गया है कि कार मालिकों से बिना कोई पैसा लिए प्रभावित कारों में हाइब्रिड सिस्टम को अपडेट किया जाए। अगर कार का सिस्टम पूरी तरह से फेल हो जाता है उसके बदले में एक नया सिस्टम लगाया जाएगा और उसके लिए कार मालिक से कोई कीमत नहीं वसूली जाएगी।
इस रिकॉल में सिर्फ अमेरिका में लगभग 2,67,000 प्रभावित वाहनों के आने की उम्मीद है और कार मालिकों को अगस्त के आखिर से कॉल किया जाना शुरू हो जाएगा।