सियोल मोटर शो में अगले महीने प्रदर्शित होगी यह एसयूवी।
अगली पीढ़ी की रेक्सटन सांगयोंग एलआईवी-2 कांसेप्ट जल्द ही भारत में दस्तक देने जा रही है। इस एसयूवी को भारत में महिंद्रा के प्रोडक्ट के तहत बेचा जाएगा तथा प्रोडक्ट लाइन में यह महिंद्रा एक्सयूवी500 के ठीक ऊपर अपनी जगह बनाएगी। इस नई एसयूवी का कोडनेम वाई 400 है, और सियोल में अगले महीने आयोजित होने जा रहे मोटरशो में यह दस्तक देने जा रही है। इस शो के ठीक पहले सांगयोंग ने इसके पहले स्केच को जारी कर दिया है। यह इस एसयूवी का फाइनल स्केच है जिसमें इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर के लेआऊट का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अगर हम इसकी तुलना एलआईवी 2 कांसेप्ट से करें तो बस बहुत बारीक फर्क इन दोनों के बीच रह जाता है। इसका बंपर और ग्रिल कमोवेश कांसेप्ट की स्टाइलिंग से मेल खाते हैं। इसके बंपर में खूबसूरती के साथ क्रोम का तड़का लगाया गया है। यह स्केच बहुत ही प्यारा लग रहा है। कांसेप्ट की डिजाइन ग्रिल पर भी देखी जा सकती है। इस एसयूवी में प्रामिनेंट एलईडी डेटाइम रनिंग लैंप को बंपर पर जगह दी गई है, साथ ही हेडलाइट के ठीक ऊपर अतिरिक्त एलईडी लाटट स्टाइलिश अंदाज में दी गई है। इसके बोनट के ऊपर मजबूत क्रीज नजर आ रही है जो कि ए पिलर से शुरू होती दिख रही है। लेकिन भारतीय कार में सामने के डिजाइन में कुछ बदलाव इसलिए किए जाएंगे जिससे यह महिंद्रा परिवार का हिस्सा लगे। साथ ही इसके साइड में दरवाजों के ठीक नीचे से एक मजबूत क्रोम फिनिश्ड लाइन नजर आ रही है जो कि इस डिजाइन पर पूरी तरह से खरा उतरती है।