अगर आप एक नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो हमारी यह खबर आपके बड़े काम आ सकती है। दरअसल इस त्योहारी सीजन टाटा मोटर्स (Tata Motors) अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक एसयूवी Nexon EV पर कई ऑकर्षक ऑफर दे रही है। इसके तहत इस त्योहारी सीजन ग्राहक इस इलेक्ट्रिक कार को 10,999 रुपये की शुरुआती ईएमआई पर खरीद सकते हैं। इसके अलावा ग्राहक इसकी खरीद पर सालाना मेंटेनेंस कॉस्ट पर 20000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। वहीं, कंपनी इसकी खरीद पर 1.5 लाख रुपये तक का परचेज इंसेंटिव का विकल्प दे रही है।
इससे पहले टाटा मोटर्स ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी Nexon EV की कीमतों को 26,000 रुपये तक बढ़ा दिया। हालांकि, एंट्री लेवल वेरिएंट XM की कीमत में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन XZ+ और XZ+ LUX वेरिएंट्स की कीमतें 26000 रुपये तक महंगी हो गई हैं। Nexon EV के XM वेरिएंट की दिल्ली एक्स-शोरूम कीमत अभी भी 13.99 लाख रुपये है। लेकिन Nexon EV XZ+ वेरिएंट की कीमत 15.25 लाख रुपये और Nexon XZ+ LUX वेरिएंट की कीमत 16.25 लाख रुपये हो गई है।
रफ्तार की बात करें तो यह इलेक्ट्रिक कार महज 9.9 सेकंड में 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है। नेक्सन में टाटा की ZConnect तकनीक दी गई है जिसमें 35 कनेक्टेड कार फीचर्स मिलते हैं। इसमें 30.2 kwh की बैटरी लगी है, जिसकी बैटरी को फास्ट चार्जर की मदद से 0 से 80 फीसदी तक सिर्फ एक घंटे में चार्ज किया जा सकता है। जबकि स्टैंडर्ड 15 एम्पीयर चार्जर के साथ इसे 20 से 100 फीसदी तक चार्ज होने में आठ घंटे का समय लगता है। इसकी रेंज 312 किलोमीटर है और टॉप स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा तक है।