2019 मॉडल की टाटा टिगोर की कीमत 5.42 लाख रुपए रखी गई है, वहीं इसका टॉप वैरियंट 7.51 लाख रुपए में मिलेगा। वहीं टाटा ने नई टिगोर में एंटीलॉक ब्रेकिंग सिस्टम (एबीएस) के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (ईबीडी) लॉन्च किया है। इसके अलावा नए अपडेट में सीएससी यानी कॉर्नर स्टैबिलिटी कंट्रोल जैसा यूनिक फीचर भी दिया है, जो सभी वैरियंट्स में स्टैंडर्ड मिलेगा।
टाटा टिगोर एक्सएम के पेट्रोल वर्जन की कीमत 4.99 लाख रुपए है
टाटा टिगोर 5 वैरियंट्स में आती है, इससे पहले केवल टॉप के तीन वैरियंट्स में ही ये सभी सेफ्टी फीचर्स मिलते थे। इसके अलावा रिअर पार्किंग सेंसर, स्पीड अलर्ट और फ्रंट सीटबेल्ट वार्निंग जैसे फीचर भी टिगोर के सभी वैरियंट्स में शामिल किए गए हैं।
टाटा ने पिछले साल भी टिगोर में कुछ कॉस्मेटिक अपडेट किए थे, लेकिन 2019 में केवल सेफ्टी फीचर ही शामिल किए हैं, बाकी के फीचर्स में कोई बदलाव नहीं किया है। पिछले साल टाटा ने टिगोर में 15 इंच के डुअल टोन अलॉय व्हील्स, एलईडी लैंप्स, शार्क-फिन एंटिना और डायमंड ग्रिल जैसे फीचर जोड़े थे।
कॉम्पैक्ट सेडान टाटा टिगोर
इसके अलावा टिगोर में प्रीमियम फीलिंग देने के लिए डुअल टोन इंटीरियर, हारमन का 8 स्पीकर सराउंड सिस्टम, नेविगेशन के साथ टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम जैसे फीचर भी दिए गए थे। टिगोर में 1.2 लीटर का 3 सिलेंडर पेट्रोल इंजन आता है, जो 85 पीएस की पॉवर और 114 एनएम का पीक टॉर्क देता है।
वहीं टिगोर का 1.05 लीटर का डीजल इंजन 85 पीएस की पॉवर और 114 एनएम का पीक टॉर्क देता है। टाटा टिगोर का परफॉरमेंस जेटीपी वर्जन भी आता है, जिसमें 1.2 लीटर का टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन 108.5 बीएचपी की पॉवर और 170 एनएम का टॉर्क देता है। वहीं ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन ऑप्शन केवल टिगोर के पेट्रोल वैरियंट में ही मिलता है।