टाटा की तरफ से जारी नेक्सन ईवी के वीडियो में मिलिंद सोमन और अंकिता कंवर नजर आ रहे हैं। संभवतया दोनों पहली हस्ती हैं, जिन्हें टाटा नेक्सन इलेक्ट्रिक की टेस्ट ड्राइव करने का मौका मिला है। दोनों मनाली-लेह हाईवे पर ड्राइविंग करते नजर आ रहे हैं। कंपनी इस ड्राइव के जरिए दिखाना चाहती है कि लॉन्ग ड्राइव और पहाड़ी और उबड़-खाबड़ वाले इलाकों में इलेक्ट्रिक व्हीकल्स चला कर उसकी परफॉरमेंस से जुड़ी को लोगों की गलत धारणा को दूर किया जाए।
Tata Nexon EV Milind Soman
- फोटो : Twitter
टाटा मोटर्स ने अपनी इस इलेक्ट्रिक कार में जिपट्रॉन टेक्नोलॉजी दी है, ताकि लोगों को ड्राइविंग के दौरान परफॉरमेंस, कंफर्ट और अफोर्डेबिलिटी का अहसास हो। नेक्सन की जिपट्रॉन टेक्नोलॉजी को अल्ट्रोज ईवी और टिगोर ईवी में भी लॉन्च किया जाएगा। कंपनी इसमें लीथियम-आयन बैटरी पैक देगी, जिसे खासतौर पर भारतीय सड़कों और वातावरण को ध्यान में रख कर टेस्ट किया गया है, इस बैटरी पैक को IP67 रेटिंग मिली है, जिसपर पानी और धूल का असर नहीं होता। वहीं बैटरी पैक में लिक्विड कूलिंग फीचर मिलेगा, ताकि गर्म तापमान में भी बेहतर परफॉरमेंस मिले।
इसके अलावा खास बात यह होगी कि नेक्सन ईवी की चार्जिंग के घंटों तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि फास्ट चार्जर से मात्र 60 मिनट में ही 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। कंपनी ने कार की बैटरी को 10 लाख किमी से ज्यादा टेस्ट किया है और इस पर कंपनी आठ साल की वारंटी भी देगी।
नेक्सन ईवी में परमानेंट मैग्नेट एसी मोटर देगी, जिससे टॉर्क बेहतर होगा और बैटरी भी जल्दी ड्रेन नहीं होगी। नेक्सन ईवी को 15A (एंपीयर) के पावर आउटलेट से भी चार्ज किया जा सकता है और अतिरिक्त चार्जिंग पोर्ट लगाने की जरूरत नहीं होगी।
टाटा मोटर्स ने खुलासा किया है कि एमजी हेक्टर, किआ सेल्टोस और वेन्यू की तरह नेक्सन ईवी भी कनेक्टेड कार होगी, जिसमें 30 से ज्यादा स्मार्ट फीचर मिलेंगे, जिन्हें स्मार्टफोन की मदद से एक्सेस किया जा सकेगा। वहीं कार फुल चार्जिंग पर 300 किमी की दूरी तय कर सकती है। कंपनी इसे 15 से 17 लाख रुपये के बीच लॉन्च कर सकती है। नेक्सन ईवी का मुकाबला महिंद्रा XUV300 इलेक्ट्रिक से भी है, जो अगले साल के मध्य तक लॉन्च होगी।