एमजी मोटर और टाटा पॉवर ने नागपुर में पहला सुपरफास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन शुरू किया
- फोटो : Amar Ujala
MG Motor India (एमजी मोटर इंडिया) और टाटा पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने नागपुर में पहले सुपरफास्ट चार्जिंग ईवी स्टेशन का उद्घाटन कर दिया है। दरअसल इलेक्ट्रिक वाहन इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए यह साझेदारी की गई है। पब्लिक ईवी चार्जिंग स्टेशन CCS/ CHAdeMO फास्ट-चार्जिंग स्टैंडर्ड्स वाले सभी वाहनों के लिए उपलब्ध है। इस ईवी स्टेशन पर एमजी जेडएस ईवी (ZS EV) को केवल 50 मिनट में ग्राहक 80 फीसदी तक चार्ज कर सकेंगे।
इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के उद्घाटन के मौके पर एमजी मोटर इंडिया के चीफ कमर्शियल ऑफिसर गौरव गुप्ता ने कहा, “नागपुर क्षेत्र के लिए हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूती देते हुए, हम अपने ग्राहकों को साफ-स्वच्छ और ग्रीन मोबिलिटी सॉल्युशन को अपनाने के लिए मजबूत चार्जिंग इकोसिस्टम प्रदान करना चाहते हैं। हमें विश्वास है कि यह क्षेत्र में सुपीरियर ईवी को अपनाने की राह दिखाएगा।"
उन्होंने आगे कहा, "अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में प्रसिद्ध नाम टाटा पॉवर जैसे पार्टनर के साथ हम आश्वस्त हैं कि हम मिलकर बेहतर तालमेल बनाएंगे और हम इस पार्टनरशिप को और बढ़ते देखने को तत्पर हैं।”