स्कोडा ने अपनी नई एसयूवी की टेस्टिंग भारत में शुरू कर दी है। स्कोडा की नई एसयूवी कोडियाक की कुछ तस्वीरें भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान कैमरे में कैद हुई हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि कंपनी इस साल के अंत तक कोडियाक को भारत में लॉन्च कर सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार कोडियाक में ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम दिया गया है, जो कार की पकड़ को और बेहतर बनाता है। इस कार को स्कोडा की सेडान कार सुपर्ब के प्लेटफॉर्म पर विकसित किया गया है। कोडियाक स्कोडा की पहली 7 सीटर एसयूवी है।
कंपनी इसे पेट्रोल व डीजल दोनों वेरिएंटों में उतार सकती है। पेट्रोल वेरिएंट में 2.0 लीटर का TSI इंजन मिल सकता है जो 180 हॉर्सपावर और 250 एनएम की शक्ति प्रदान करता है। वहीं डीजल इंजन की बात करें तो इसमें 2.0 लीटर के इंजन 150 हॉर्सपावर की शक्ति और 190 हॉर्सपावर की शक्ति वाले दो इंजन दिए जा सकते हैं।