दुनिया भर में अपनी प्रीमियम कारों के लिए मशहूर बीएमडब्ल्यू ने नई भारतीय बाजार में नई बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज को लॉन्च कर दिया है। इस कार को बीएमडब्ल्यू ने मुंबई में लॉन्च किया। इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर व क्रिकेट के भगवान माने जाने वाले सचिन तेंदुलकर भी उपस्थित रहे। बीएमडब्ल्यू कारों को पसंद करने वाले सचिन इस नई गाड़ी को खुद चलाकर स्टेज पर लाए। इस नई गाड़ी की डिलीवरी बीएमडब्ल्यू 1 जुलाई के बाद शुरू करेगी क्योंकि तब देश में एक टैक्स यानी जीएसटी अस्तित्व में जा जाएगा। डीजल व पेट्रोल मॉडलों में उपलब्ध इस कार के शुरुआती मॉडल 530 आई स्पोर्टलाइन की कीमत 49 .90 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है।
5 सीरीज की यह सातवीं पीढ़ी है जिसे कंपनी ने भारतीय बाजार में उतारा है। इसमें लगा 1995 सीसी का पेट्रोल इंजन 190 एचपी की शक्ति व 400 एनएम का टॉर्क पैदा करता है जबकि 2993 सीसी का डीजल इंजन 265 एचपी की शक्ति उत्पन्न करता है। ढेर सारे फीचर्स से लैश ये कार रिमोट के जरिए पार्क की जा सकती है। रिमोट कंट्रोल पार्किंग बीएमडब्ल्यू का एक शानदार फीचर है इससे आप आसानी से बाहर निकलकर बिना किसी दिक्कत के बस खेल-खेल में पार्क कर सकते हैं।
इसके लॉन्चिंग अवसर पर बीएमडब्ल्यू इंडिया ग्रुप प्रेसीडेंट विक्रम पहवा ने बताया कि, "यह एक शानदार कार है जो हमारे ग्राहकों की उस उम्मीद पर खरा उतरती है जिसकी वो चाहत रखते हैं। हमारी नई 5 सीरीज में सुंदर व डायनैमिक डिजाइन का समावेश है, यह दिखने में जितनी आकर्षक है उतना ही अच्छा इसका परफॉर्मेंस है। हमारी इस गाड़ी में स्पोर्ट व लग्जरी का बेहतरीन समावेश है। "
बीएमडब्ल्यू 530 आई स्पोर्ट लाइन की कीमत 49.90 लाख रुपये, 520 डी स्पोर्ट लाइन 49.90 लाख, 520 डी लग्जरी लाइन 53.60 लाख, व टॉप वेरिएंट 530 डी स्पोर्ट लाइन की कीमत 61.30 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली है।