केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए एक एप लॉन्च किया है। यह एप दुर्घटनाओं, ब्रेकर और अन्य दिक्कतों के बारे में अलर्ट उपलब्ध कराता है। इसके लिए यूजर को कोई शुल्क भी नहीं अदा करना है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने देश में वाहन चालकों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा प्रौद्योगिकियां विकसित करने के लिए आईआईटी मद्रास और डिजिटल टेक कंपनी मैपमाईइंडिया के साथ हाथ मिलाया है। इसके तहत तीनों ने संयुक्त रूप से एक नेविगेशन एप लॉन्च किया है जो नागरिकों को मुफ्त में हादसों से संबंधित सड़क सुरक्षा अलर्ट उपलब्ध कराएगा। इस एप को मूव (MOVE) नाम दिया गया है।
विज्ञापन
यह नेविगेशन एप यूजर्स को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों, स्पीड ब्रेकर, तीव्र मोड़ और गड्ढों समेत अन्य समस्याओं के बारे में आवाज और वीडियो के माध्यम से जानकारी उपलब्ध कराएगा। यह पहल सड़क दुर्घटनाओं इनमें मौत होने के आंकड़ों को कम से कम करने के लिए परिवहन मंत्रालय की पहल के तहत उठाया गया है। इस नेविगेशन एप्लिकेशन ने साल 2020 में भारत सरकार के आत्मनिर्भर एप इनोवेशन चैलेंज भी जीता था।
नागरिक भी दे सकेंगे समस्याओं की जानकारी
इस एप्लिकेशन का उपयोग नागरिक और अधिकारी हादसों, असुरक्षित इलाकों और यातायात संबंधी मुद्दों की जानकारी देने के लिए भी कर सकेंगे ताकि अन्य यूजर्स को सुविधा हो सके। जानकारी के अनुसार इस एप से मिलने वाले पूरे डाटा का आईआईटी मद्रास और मैपमाईइंडिया की ओर से विश्लेषण किया जाएगा। इसके बाद इस डाटा का इस्तेमाल भारत सरकार भविष्य में सड़कों की स्थितियों में सुधार लाने के लिए करेगी।