घरेलू ऑटोमोबाइल विनिर्माण कंपनी Bajaj Auto (बजाज ऑटो) ने बुधवार को कहा कि उसके बोर्ड ने कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ के रूप में राजीव बजाज की फिर से नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
बोर्ड की मंगलवार को हुई बैठक में यह मंजूरी दी गई।
कंपनी ने बीएसई को बताया, "कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ राजीव बजाज, जिनका पांच साल का कार्यकाल 31 मार्च 2020 को खत्म हो रहा है, को एक अप्रैल 2020 से पांच साल की अवधि के लिए फिर से नियुक्त किया गया है।"
उनकी इस नियुक्ति के लिए कंपनी की आगामी आमसभा में शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी है।
बोर्ड ने गीता पीरामल की कंपनी की स्वतंत्र निदेशक के तौर पर नियुक्ति को भी मंजूरी दी। उनका पांच साल का कार्यकाल 31 मार्च 2020 को खत्म हो रहा है।
इस एलान के समय बीएसई में बजाज ऑटो के प्रति शेयर का भाव 2,220.25 रुपये प्रति शेयर था।
इलेक्ट्रिक व्हीक्लस प्राथमिकता
हाल ही में राजीव बजाज ने कहा था कि कंपनी अब इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर ध्यान केंद्रित करेगी। Bajaj Chetak Electric (बजाज चेतक इलेक्ट्रिक) कंपनी की इसी प्राथमिकता का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कंपनी और इलेक्ट्रिक गाड़ियों को लॉन्च करेगी।