पेट्रोल-डीजल के रेट लगातार आसमान छू रहें हैं। ऐसे में दिल्ली के एक पेट्रोल पंप पर रेट 100 रुपये पार हो गया जिसके बाद पेट्रोल की बिक्री बंद करनी पड़ी। क्योंकि मशीन में प्रति लीटर पेट्रोल की अधिकतम कीमत 99.99 रुपये ही फीड हो सकती थी। हालांकि कुछ देर बाद इंजीनियरिंग टीम की मदद से उसे रिकैलिबर करवाया गया। लेकिन इसके चलते पेट्रोल पंप पर दो दिन तक फ्यूल नहीं मिल पाया।
दरअसल, जिस पेट्रोल की कीमत 100 के पार गई वो प्रीमियम पेट्रोल 99 ऑक्टेन है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) कंपनी पॉवर-99 नाम से 99 ऑक्टेन पेट्रोल बेचती है । जिसकी कीमत आम पेट्रोल से 20 रुपये ज्यादा होती है। इस पेट्रोल के इस्तेमाल से कार की परफॉर्मेंस बेहतर होती है साथ ही इससे इंजन की उम्र भी बढ़ती है।
इस पेट्रोल को ज्यादातर लग्जरी कार वाले ग्राहक ही अपनी गाड़ियों में डलवाते हैं. लैम्बोर्गिनी, रोल्स रॉयस और फरारी जैसी गाड़ियों में ये पेट्रोल डलवाया जाता है। दिल्ली में यह पेट्रोल अशोक होटल के पास ऑटो केयर पंप और चिड़ियाघर के पास राजीव सर्विस स्टेशन पर मिलता है।