जापानी मल्टीनेशनल ऑटोमोबाइल निर्माता Nissan (निसान) ने अपनी बहुप्रतीक्षित कार Magnite (मैगनाइट) के साथ सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में एंट्री करने के लिए तैयार दिख रही है। कंपनी ने हाल ही में अपनी आनेवाली कार Magnite के कॉन्सेप्ट फॉर्म से पर्दा उठाया था और अब भारत में इस कार को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। Nissan Magnite की टेस्टिंग तस्वीरें लीक हो गई हैं। लीक तस्वीरों से पता चलता है कि टेस्टिंग मॉडल में कॉन्सेप्ट मॉडल के जैसे स्लोपिंग A और C-पिलर्स और बड़े वील आर्च मिलेंगे। भारत में सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट काफी प्रतिस्पर्था वाला है। भारत में लॉन्च होने के बाद Magnite SUV कार, Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी), Hyundai Venue (ह्यूंदै वेन्यू) और Kia की आने वाली कार Sonet (सोनेट) से मुकाबला करेगी।
डिजाइन
Nissan Magnite में काले रंग के A-पिलर, क्रोम डोर हैंडल, डोर सिल्स, कंट्रास्ट रूफ, 16-इंच व्हील्स, व्हील आर्च पर क्लैडिंग मिल सकती है। हालांकि इस एसयूवी की आधिकारिक तस्वीर से साफ हुआ है कि फ्रंट ग्रिल काफी उभर कर आती है, जो मेश पैटर्न के साथ ऑक्टागोनल ग्रिल, ग्रिल की साइड में सिल्वर/क्रोम बार्स के साथ है। कार में स्लीक हेड लाइट यूनिट्स, आकर्षक इनवर्टेड बूमरैंग आकार के डीआरएल, फ्लोटिंग बैक रूफलाइन, स्वेल्ट एलईडी टेल लाइट्स और बड़े व्हील आर्च हैं। कार में डुअल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
इंजन
रिपोर्ट के मुताबिक Nissan Magnite एसयूवी में पेट्रोल इंजन होगा। इसमें इंजन के दो ऑप्शन मिलेंगे। पहला 1.0-लीटर पेट्रोल इंजन, जो 72 bhp पावर जेनरेट करता है, और दूसरा 1.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन, जो 95 bhp का पावर जेनरेट करता है। कार में मैनुअल और सीवीटी ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प मिलेगा।
फीचर्स
Nissan Magnite के इंटीरियर के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, कंपनी ने कहा है कि नई एसयूवी में ढेर सारे फीचर्स दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक मैग्नाइट में कनेक्टेड कार फीचर्स, क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक क्लामेट कंट्रोल, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, 8-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर दिए जा सकते हैं।
लॉन्चिंग
निसान ने इस कार लॉन्चिंग को लेकर आधिकारिक तौर पर एलान कर दिया है कि वित्त वर्ष 2020-21 की दूसरी छमाही में इसे भारत में लॉन्च किया जाएगा। जापानी कार निर्माता ने पहले भी कार की डिजाइन लैंग्वेज और इंजीनियरिंग क्षमताओं पर जोर दिया था। कंपनी ने कहा है कि यह कार उसकी ग्लोबल एसयूवी Patrol (पैट्रोल), Pathfinder (पाथफाइंडर), Armada (अर्माडा), X-Trail (एक्स-ट्रेल), Juke (जूक) और Qashqai (कशकाई) से प्रेरित है और उनकी विरासत को आगे बढ़ाएगी।
कीमत
निसान मैग्नाइट भारतीय बाजार में सबसे सस्ती सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी हो सकती है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इस कार की कीमत 5.25 लाख रुपये से शुरू होने की उम्मीद है। वहीं, सीवीटी गियरबॉक्स के साथ टर्बो-पेट्रोल इंजन वाले वेरिएंट की कीमत भी 6 लाख रुपये से कम में शुरू हो सकती है।