देश के दिग्गज ऑटो निर्माता Tata Motors (टाटा मोटर्स) ने एक ताजा वीडियो टीजर लॉन्च कर अपनी नई एसयूवी Tata Safari (टाटा सफारी) की लॉन्चिंग की तारीख का आधिकारिक रूप से खुलासा किया है। कंपनी की ऑल-न्यू टाटा सफारी एसयूवी का कार प्रेमी काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं और इस वीडियो टीजर से यह साफ हो गया है कि यह एसयूवी 22 फरवरी 2021 को लॉन्च होगी। कंपनी के लेटेस्ट वीडियो टीजर में कार के बारे में ज्यादा नहीं बताया गया है। पुरानी जेनरेशन की सफारी का टैगलाइन था - reclaim your life (अपने जीवन को दोबारा पाएं) और 2021 के अवतार में, टाटा ने इस टैग लाइन को छोड़ा नहीं है। नई SUV के लिए भी इसी टैगलाइन का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही लिखी है एक तारीख - "22.02.2021"। तो इससे आसानी से अनुमान लगाया जा सकता है कि यब वीडियो टीजर टाटा सफारी के लिए है। टाटा मोटर्स 22 फरवरी को नई Safari एसयूवी की कीमतों का एलान करेगी।
बुकिंग और डिलीवरी
टाटा मोटर्स ने नई Tata Safari 2021 एसयूवी के लिए बुकिंग आधिकारिक रूप से पहले ही शुरू कर दी है। इस एसयूवी को 30,000 रुपये की राशि देकर बुक किया जा सकता है। ऑटो निर्माता ने एलान किया है कि सात सीटों वाली नई सफारी एसयूवी की डिलीवरी लॉन्चिंग के दिन से शुरू हो जाएगी।
टाटा की पहली कार जिसमें मिला यह फीचर
टाटा मोटर्स की नई सफारी कंपनी की एक अन्य एसयूवी हैरियर की तीन-पंक्ति वाला वर्जन है। यह कार बीते समय की मशहूर सफारी एसयूवी की विरासत को आगे बढ़ाना चाहती है। इस कार में सीट कॉन्फिगरेशन की बात की जाए तो इस कार को 6-सीटर (बीच की पंक्ति में कैप्टन सीटों के साथ) या 7-सीटर विकल्पों के साथ चुना जा सकता है। यह कार बड़े परिवार वाले लोगों की पसंद की कार बनने की तैयारी में है। यह टाटा मोटर्स की पहली कार है जिसमें इलेक्ट्रिक पार्किंग ब्रेक फंक्शन दिया गया है। साथ ही इसमें सीटों के लिए एक कलर ट्रीटमेंट भी मिलता है।
लुक और डिजाइन
नई सफारी 2021 के एक्सटीरियर की बात करें तो इसकी डिजाइन और स्टाइल हैरियर एसयूवी से काफी प्रेरित लगती है। कार के फ्रंट में ट्राई-एरो पैटर्न वाली बोल्ड ग्रिल दी गई है। इसके अलावा पतली एलईडी डीआरएलएस और प्रोजेक्टर हैडलैंप्स मिलते हैं। कार के रियर में पूरी तरह से नई डिजाइन दी गई है। एसयूवी की छत को थोड़ा ऊंचा रखा गया है जिससे कार की आखिरी पंक्ति के यात्रियों के लिए बड़ी हेडरूम मिल सके। 2021 Tata Safari एसयूवी में डी रिलर पर क्रोम गार्निश के साथ आइकॉनिक स्टेप्ड पैनोरैमिक सनरूफ, और काफी आकर्षक टेलगेल दिया गया है। इसमें Xenon HID प्रॉजेक्टर हैडलैंप्स, क्रोम स्टडेड ट्राई एरो फ्रंट ग्रिल, ट्विन लाइट एलईडी टेल लैंप्स दिए गए हैं। कुल मिलाकर इस एसयूवी को एक अल्ट्रा प्रीमियम फिनिश दी गई है। व्हील आर्च भी काफी आकर्षक हैं और किसी भी रास्ते इलाके में ले जाने का वादा करते हैं और किसी भी ऊबड़-खाबड़ रास्ते में चलने का दम भरने वाली इस एसयूवी का साथ निभाते हैं।
टाटा की फ्लैगशिप एसयूवी
यह Harrier (हैरियर) एसयूवी के बाद OMEGARC प्लेटफॉर्म पर आधारित दूसरा उत्पाद है और यह टाटा मोटर्स की 'न्यू फॉरएवर' रेंज का फ्लैगशिप उत्पाद है। नई सफारी के डायमेंशंस की बात करें तो इसकी लंबाई, चौड़ाई और ऊंचाई पुरानी Tata Safari से अधिक होगी। 2021 टाटा सफारी में 18 इंच मशीन्ड अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। नई एसयूवी को भारत के हर मौसम में शानदार प्रदर्शन देने के लिए टेस्ट किया गया है। इस कार परीक्षण माइनस 10 डिग्री सेल्सियस से लेकर 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में किया गया है। यह हर तरह की उबड़-खाबड़ सड़क पर भी चालक को आरामदायक सफर का वादा करती है। टाटा मोटर्स ने एसयूवी का उत्पादन अपने पुणे प्लांट में शुरू कर दिया है। कुछ दिनों पहले ही टाटा मोटर्स ने सफारी की पहली कार को पुणे प्लांट में एक फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के बाद रोल-आउट किया था।
इंजन
2021 Tata Safari एसयूवी में लैंड रोवर D8 से प्रेरित OMEGARC प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया गया है। नई सफारी में 2.0 लीटर 4-सिलिंडर डीजल इंजन मिलेगा। यह इंजन 168 bhp का पावर और 350 Nm का टॉर्क जेनरेट करेगा। इस इंजन के साथ 6 स्पीड मैनुअल और 6 स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होगा। इस एसयूवी में तीन राइडिंग मोड इको, सिटी, स्पोर्ट्स दिए गए हैं। इसके अलावा ESP टेरेन रिस्पॉन्स मोड- नॉर्मल, रफ व वेट भी दिए गए हैं।
शानदार फीचर्स
सफारी का इंटीरियर ऐश वुड के डैशबोर्ड का इस्तेमाल किया गया है। और शानदार ओइस्टर व्हाइट इंटीरियर थीम और ओइस्टर व्हाइट लेदर अपहोल्स्ट्री मिलते हैं जो इसके प्रीमियम लुक को और भी आगे ले जाता है। नई टाटा सफारी में 6 से 7 लोग आराम से बैठ सकते हैं। कार के केबिन में 8.8 इंच फ्लोटिंग आयलैंड इंफोटेनमेंट सिस्टम, प्रीमियम 320 वॉट जेबीएल ऑडियो सिस्टम, मूड लाइटिंग, 6 वे पावर्ड ड्राइवर सीट जैसे फीचर्स मिलते हैं। एसयूवी में थर्ड रो सीट्स के लिए भी डेडिकेटेड यूएसबी पोर्ट, कप होल्डर्स, डेडिकेटेड एसी यूनिट दी गई है। खास बात यह है कि थर्ड रो में मिलने वाला लेग रूम और पैनोरैमिक सनरूफ इस सेगमेंट की किसी भी गाड़ी से सबसे ज्यादा है।
कनेक्टेड कार फीचर्स
नई टाटा सफारी में कंपनी का कनेक्टेड कार पैक ‘iRA’ दिया गया है। iRA टेक्नोलॉजी के तहत रिमोट कमांड्स, व्हीकल सिक्योरिटी फीचर्स, लोकेशन बेस्ड सर्विसेज, ओवर द एयर अपडेट्स, लाइव व्हीकल डायग्नोसिस, गेमिफिकेशन जैसी कनेक्टेड टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कीमत और मुकाबला
नई 2021 टाटा सफारी एसयूवी को तीन कलर ऑप्शन- रॉयल ब्लू, व्हाइट और ग्रे में पेश किया गया है। इस एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत 15 लाख से 20 लाख रुपये तक रखी जा सकती है। जल्द ही इसमें और कलर ऑप्शंस मिलेंगे। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला MG Hector Plus (एमजी हेक्टर प्लस) और आनेवाली Hyundai Creta (ह्यूंदै क्रेटा) 7-सीटर एसयूवी से है।