स्कोडा अपनी नई ऑक्टेविया 2021 को भारतीय कार बाजार में आधिकारिक तौर पर इस महीने के आखिर में लॉन्च करने की योजना बना रही थी। स्कोडा ने देश भर में कोविड-19 मामलों की बढ़ती संख्या और पहले से ही भारत में कार निर्माता कंपनियों पर मंडरा रहे संकट का हवाला दिया है।
बीते कुछ समय से ऐसी अटकलें लगाई जा रही थी कि Octavia की लॉन्च में देरी हो सकती है। स्कोडा ऑटो इंडिया के डायरेक्टर जैक हॉलिस ने सुबह ट्विटर के जरिए इस बात की पुष्टि की। उन्होंने लिखा "कभी-कभी थोड़ा रूक कर और मजबूती से वापस आना महत्वपूर्ण होता है। स्कोडा ऑटो में हमने मौजूदा स्थिति में सुधार होने तक ऑल-न्यू ऑक्टेविया के लॉन्च को स्थगित कर दिया है। हम आपको लॉन्च के बारे में जल्दी अपडेट करेंगे। आप सुरक्षित रहें और हमारी इस वायरस के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।"
स्कोडा ऑक्टेविया सेडान, भारत में चेक कार निर्माता की सबसे लोकप्रिय पेशकश में से एक है। हाल ही में कंपनी ने औरंगाबाद स्थित अपने प्लांट में इसका उत्पादन शुरू किया है। स्कोडा ने ऑक्टेविया को पहली बार अपने डेब्यू प्रोडक्ट के रूप में साल 2001 में भारतीय बाजार में लॉन्च किया था। यह एक ऐसा समय था जब सेडान कारें यहां काफी लोकप्रिय थीं। भारत और दुनिया में कई बाजारों में जब एसयूवी की लोकप्रियता और मांग बढ़ रही है, ऑक्टेविया किसी तरह से अपनी पकड़ बनाए रखने में कामयाब रही है। नई स्कोडा ऑक्टेविया को पहली बार 2019 के आखिर में अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए पेश किया गया था। जिसके बाद इसे कुछ वैश्विक बाजारों में उतारा गया है। चौथी पीढ़ी की ऑक्टेविया, अपने पिछले मॉडल्स की विरासत को आगे बढ़ाने की उम्मीद कर रही है।
नई ऑक्टेविया 2021 फॉक्सवैगन समूह के MQB प्लेटफॉर्म पर आधारित है। पिछले मॉडल की तुलना में नया मॉडल 19 mm लंबा और 15 mm चौड़ा होगी। जिससे यात्रियों को इसमें ज्यादा जगह और आराम मिल सकेगा। नई ऑक्टाविया 2021 में 2.0 लीटर TSI टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 190 hp का अधिकतम पावर जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। इस इंजन को स्कोडा सुपर्ब में भी इस्तेमाल किया गया है। नए मॉडल में डीजल इंजन का ऑप्शन नहीं दिया गया है।
न्यू-जेनरेशन ऑक्टेविया के एक्सटीरियर की बात करें तो यह पिछले मॉडल के क्वाड हेडलैंप स्टाइल को स्कोडा सुपर्ब की तरह अधिक पारंपरिक डिजाइन के साथ रिप्लेस करेगा। इसके कैबिन को अपडेट किया गया है और कई नए फीचर्स शामिल किए गए हैं। इंटीरियर में अंदर एक बैज और ब्लैक कलर की कलर स्कीम मिल सकती है। इसमें डिजिटल डिस्प्ले और हॉरिजॉन्टल अपीयरेंस के साथ डैशबोर्ड, मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील मिलेगा।
नई स्कोडा ऑक्टेविया 2021 को भारतीय बाजार में सबसे पहले 2020 के आखिर तक लॉन्च किए जाने की योजना थी। लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसकी लॉन्चिंग को टालना पड़ा था। अब एक बार फिर इसकी लॉन्चिंग को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। हालांकि इसकी कीमत का खुलासा लॉन्चिंग के वक्त ही होगा। लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक भारत में ऑक्टेविया 2021 की अनुमानित एक्स-शोरूम कीमत 18 लाख रुपये से लेकर 24 लाख रुपये तक हो सकती है। भारत में इसका मुकाबला Honda Civic, Hyundai Elantra और Toyota Corolla Altis जैसी सेडान कारों से होगा।