मारुति सुजुकी स्विफ्ट कितनी सुरक्षित है इसका पता हाल ही में आई एनसीएपी रैंकिंग से हो जाता है। हाल ही में एनसीएपी के क्रैश टेस्ट में नई जनरेशन की स्विफ्ट, स्कोडा कोडियक और मिनी कंट्रीमैन को शामिल किया गया। ये सभी गाड़ियां यूरोपीय बाजारों के लिए बनाई गई हैं। बाद में यही स्विफ्ट भारतीय बाजार में लॉन्च की जाएगी। इस क्रैश टेस्ट में स्विफ्ट को सिर्फ तीन अंक हासिल हुए जबकि स्कोडा कोडियाक का स्कोर पांच अंकों का रहा। स्विफ्ट भारतीय बाजार में मारुति सुजुकी की प्रमुख कार है और सालों से ये टॉप टेन में अपनी जगह बनाए हुए है।
सुजुकी स्विफ्ट के नतीजों में देखा गया कि पैसेंजर सीट में फ्रंट ऑफसेट इस दौरान स्थिर रहा। वहीं पैसेंजर और ड्राइवर के घुटने और जांघों को बढ़िया सुरक्षा मिली। अन्य पोजीशन में बैठे यात्रियों को भी बढ़िया सपोर्ट मिला। वहीं इस साल के अंत तक भारत आ रही स्कोडा कोडियाक इस टेस्ट में अच्छे नंबरों से पास हुई। इस क्रैश टेस्ट में वयस्कों को 92 फीसदी तक व चाइल्ड सेफ्टी को 77 फीसदी तक आंका गया। कोडियाक ऑफसेट टेस्ट में भी स्थिर रही तथा घुटनों और जांघों को इसमें पूरी तरह से सुरक्षित पाया गया। इसके चलते इस कार को पांच स्टार रेटिंग दी गई।