देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) 2020 में अपनी सबसे ज्यादा बिकने वाली हैचबैक कार Swift (स्विफ्ट) का अपडेटेड 2021 मॉडल लॉन्च करने की तैयारी में है। इस कार को हाल ही में सार्वजनिक सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। इस कार की लॉन्चिंग की चर्चा काफी समय से चल रही है और मारुति स्विफ्ट के प्रशंसक इस कार का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक डीलर के सूत्रों के बताया कि नई 2021 स्विफ्ट का फेसलिफ्ट मॉडल मार्च में भारत में लॉन्च की जा सकती है। इस कार को मिलने वाले इस सालाना अपडेट में 90hp पेट्रोल इंजन सहित कई फीचर्स और कॉस्मेटिक अपडेट के साथ पेश किया जाएगा।
लुक और डिजाइन
नई स्विफ्ट के एक्सटीरियर की बात करें तो इसमें एक अपडेटेड ग्रिल के साथ इसके फ्रंट लुक में भी बदलाव किया जाएगा। इसके अलावा कार की लाइट्स के साथ ही कुछ मामूल बदलाव भी देखने को मिलेंगे। कार के इंटीरियर की बात करें तो कार की अपहोल्सट्री में नए फैब्रिक का इस्तेमाल किया गया है और कई नई फीचर्स से लैस है। रिपोर्ट के मुताबिक नई कार के इक्विप्मेंट्स में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
फीचर्स
नई 2021 स्विफ्ट में मौजूदा मॉडल की तरह ही ऑटोमैटिक एलईडी हेडलाइट्स, एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट, 15-इंच ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स, रियर कैमरा, एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ 7.0 इंच स्मार्टप्ले इंफोटेनमेंट सिस्टम, कीलेस एंट्री के अलावा और भी बहुत कुछ मिलेगा।
इंजन
नई 2021 स्विफ्ट में जो सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा वह है इसमें दिया गया अपडेटेड K12N डुअल जेट इंजन। न सिर्फ यह आउटगोइंग 1.2-लीटर 4-सिलेंडर K12M इंजन की तुलना में ज्यादा पावर देगा, बल्कि आइडल स्टार्ट-स्टॉप की तकनीक से इसका माइलेज भी बढ़ जाएगा। ट्रांसमिशन विकल्प की बात करें तो इसमें 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स मिलेगा।
कीमत और मुकाबला
जहां तक अपडेटेड स्विफ्ट की कीमत की बात है, ऐसी उम्मीद है कि वेरिएंट के आधार पर 15,000 से 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। लॉन्चिंग के बाद भारतीय बाजार में इसका मुकाबला नई Ford Figo (फोर्ड फिगो) और Hyundai Grand i10 Nios (ह्यूंदै ग्रैंड i10 नियोस) जैसी कारों से होगा।