मारूति की सफलतम कारों की सूची में तेजी के साथ अपनी स्थिति मजबूत कर रही विटारा ब्रेजा का पेट्रोल वेरिएंट आना लगभग तय लग रहा है। जैसे ही मारूति ने अपने नए बूस्टरजेट 1.0 इंजिन को बलेनो आरएस के साथ भारतीय बाजार में उतारा उससे यह तय हो गया कि अब यह इंजिन इसके बाद ब्रेजा में नजर आएगा।
गौरतलब है कि लगभग एक साल पहले जब मारूति सुजुकी ने ब्रेजा को लॉन्च किया था तो कंपनी ने महज एक इंजिन का विकल्प इसमें दिया था वह था डीजल। लेकिन शुरू से ही इस कार को बेहतरीन रिस्पांस मिला और अब इसकी वेटिंग अवधि छह महीने बनी हुई है। भारतीय बाजार में महज 11 महीने में इस कार ने 1 लाख का बिक्री आंकड़ा पार कर लिया।
बलेनो आरएस के लॉन्च पर जब कंपनी के एग्जीक्यूटिव ऑफीसर आरएस कलसी ने इस बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब दिया कि अभी वह यहां पर इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं देंगे पर यहां हो रही सुगबुगाहट से यह साफ पता चल रहा था कि बूस्टरजेट एक ऐसा विकल्प है जो भारतीय परिप्रेक्ष्य में पूरी खरा उतरता है।
पेट्रोल व डीजल के बीच खत्म होते कीमत के अंतर में यह इंजन यहां के लिए संजीवनी बन सकता है। जैसे ही ब्रेजा की डीजल वेटिंग कम होना शुरू होगा कंपनी इस कार में पेट्रोल इंजिन लगाकर बाजार में जरूर लाएगी। 2017 के त्यौहारी सीजन में मारूति इस कार में पेट्रोल इंजिन का तोहफा दे सकती है।