मारुति सुजुकी अर्टिगा लिमिटेड एडिशन
मारूति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने भारतीय बाजार में अपनी लिमिटेड एडिशन अर्टिगा को लॉन्च किया है। यह कार नए मरून रंग में भी उपलब्ध होगी। स्टाइलिश एलॉय व्हील, क्रोम फॉगलैंप बेजेल, क्रोम बॉडी साइड मोल्डिंग इस कार को बाहर से बेहद खूबसूरत बनाते हैं।
इसके इंटीरियर में प्रीमियम सीट कवर, वुडेन फिनिश इंटीरियर स्टाइलिंग किट, सामने वाली सीट में आर्मरेस्ट, ड्यूल टोन स्टीयरिंग कवर, व्हाइट एंबीएंट लाइट, कुशन पिलो जैसी चीजें आपको इस लिमिटेड एडिशन कार में मिलेगी।
2012 में लॉन्चिंग के बाद से अब तक तीन लाख अर्टिगा एमपीवी कारें कंपनी ने बेची हैं। अपने कॉम्पैक्ट डिजाइन, एडवांस टेक्नोलॉजी जैसे कि एसएचवीएस, ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन, कंफर्ट और फीचर के कारण यह लोगों की पसंदीदा कारों में शुमार हुई। यह लिमिटेड एडिशन अर्टिगा महज वीएक्सआई और वीडीआई वेरिएंट में उपलब्ध होगी जिसमें एक्स्क्विज़िट मरून रंग नया जोड़ा गया है। इसके अलावा यह सिल्वर व सुपीरियर व्हाइट में उपलब्ध होगी। इसकी कीमत 7.85 लाख से 8.10 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली के बीच में होगी।
इस कार को पेश करते हुए मारूति सुजुकी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर मार्केटिंग एंड सेल्स आरएस कलसी ने कहा कि अर्टिगा एक संपूर्ण एमपीवी है जो ग्राहकों को वह सबकुछ प्रदान करती है जिसकी वो उम्मीद करते हैं। इस लिमिटेड एडिशन के जरिए हमने ग्राहकों को एक ऐसा तोहफा दिया है जो वो अपने पास रखना पसंद करेंगे। इससे हमारा अर्टिगा ब्रांड और मजबूत बनेगा।