महामारी को फैलने से रोकने के लिए लागू किए गए लॉकडाउन की वजह से अर्थव्यस्था प्रभावित हुई है। इसका सीधा असर ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री पर भी पड़ा है। ग्राहकों के विश्वास को दोबारा हासिल करने और कारों की बिक्री को बढ़ाने के लिए ऑटो निर्माता कई तरह के आकर्षक ऑफर्स और स्कीम ला रहे हैं। देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी Maruti Suzuki India (मारुति सुजुकी इंडिया) भी कई फाइनेंसिंग स्कीम्स लाई है। इसी कड़ी में मारुति सुजुकी ने मंगलवार को Axis Bank (एक्सिस बैंक) के साथ साझेदारी करने का एलान किया है। इस साझेदारी के जरिए मारुति अपने संभावित कार खरीदारों को कार खरीदने में मदद के लिए आसान फाइनेंसिंग ऑप्शंस की पेशकश कर रही है।
एक्सिस बैंक डीलर इन्वेंट्री के साथ ही रिटेल फाइनेंसिंग ऑप्शंस के लिए मारुति सुजुकी के साथ पहले से ही जुड़ा हुआ है। साझेदारी के तहत, एक्सिस बैंक इन कठिन समय के दौरान ग्राहकों को नकद और रिपेमेंट के तनाव को कम करने के लिए आकर्षक फ्लेक्सी ईएमआई ऑप्शन देगा। एक्सिस बैंक हर तरह के ग्राहकों के लिए कार लोन की सुविधा दे रहा है जिसमें सैलरीड कस्टमर (वेतनभोगी), सेल्फ-एम्पलॉयड (स्वरोजगार वाले) और आय प्रमाण वाले या बिना प्रमाण वाले ग्राहक शामिल हैं।
100 पर्सेंट ऑन-रोड फंडिंग
नई फाइनेंसिंग स्कीम के तहत मारुति सुजुकी नौकरीपेशा ग्राहकों को कार खरीदने पर 100 पर्सेंट ऑन-रोड फंडिंग का विकल्प उपलब्ध कराएगी। इसमें कार लोन 8 साल के लिए मिलेगा।
ये स्कीम भी मौजूद
नई स्कीम के अलावा मारुति सुजुकी स्टेप-अप स्कीम भी ला चुकी है। इसके तहत ग्राहक को प्रति लाख पर 1,250 रुपये शुरुआती ईएमआई देनी होगी। मारुति सुजुकी और एक्सिस बैंक की इस साझेदारी के तहत ग्राहक बलून ईएमआई स्कीम का भी लाभ उठा सकते हैं। इस स्कीम में आखिरी ईएमआई लोन राशि का 25 फीसदी होगी। इसके अलावा, एक कम ईएमआई स्कीम भी उपलब्ध है। जिसके तहत प्रति लाख लोन पर शुरुआत के तीन महीने 899 रुपये ईएमआई देनी होगी। मारुति की कारों पर यह स्कीम 31 जुलाई तक है।
'ग्राहकों के लिए सुविधा'
मारुति सुजुकी इंडिया के कार्यकारी निदेशक, विपणन और बिक्री, शशांक श्रीवास्तव ने कहा, "सुरक्षा और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की चिंता ने एक निजी वाहन होने की प्राथमिकता को बढ़ा दिया है। हमें विश्वास है कि एक्सिस बैंक के साथ यह साझेदारी हमारे ग्राहकों को कार खरीदने के लिए सुविधाजनक, सस्ती और किफायती फाइनेंसिंग सुविधा की पेशकश करने में मदद करेगा। इस गठजोड़ से हमारे ग्राहकों के पास चुनने के लिए आसान फाइनेंसिंग ऑप्शंस की एक बड़ी श्रृंखला होगी।"
उन्होंने कहा कि संगठन वर्षों से काफी नजदीकी से काम करा रहा है और 3000 से ज्यादा मारुति सुजुकी आउटलेट्स और लगभग 4500 एक्सिस बैंक के व्यापक ब्रांच नेटवर्क की मजबूत पहुंच का लाभ पूरे देश में ग्राहकों के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के लिए करेंगे।
मारुति की कई बैंकों के साथ है साझेदारी
एक्सिस बैंक से पहले मारुति सुजुकी इंडसइंड बैंक, ICICI Bank (आईसीआईसीआई बैंक), HDFC Bank (एचडीएफसी बैंक), Karur Vysya Bank (करुर वैश्य बैंक) और CIFCL (चोलामंडलम इन्वेस्टमेंट एंड फाइनैंस कंपनी लिमिटेड) के साथ साझेदारी कर ग्राहकों के लिए कई फाइनेंसिंग स्कीम्स ला चुकी है। इनमें अभी कार खरीदें और दो महीने बाद ईएमआई शुरू करें, कम ईएमआई, लंबे समय के लिए लोन समेत कई तरह के फाइनेंसिंग ऑप्शन शामिल हैं।