Mahindra Alturas BS6 SUV Delivered to President at Rashtrapati Bhavan
- फोटो : Twitter/@sonwani1sonu
अगर आप उन लोगों में से एक हैं जो यह सोचते थे कि भारत के प्रथम नागरिक अपने काफिले में कब मेड इन इंडिया वाहन का इस्तेमाल करेंगे। तो इस खबर से आपके चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी। भारत के माननीय राष्ट्रपति को उनके निवास राष्ट्रपति भवन में पहली BS6 Mahindra Alturas (महिंद्रा अल्टूरास) एसयूवी की डिलीवरी कर दी गई है।
वाहन की डिलीवरी राष्ट्रपति कार्यालय के संयुक्त सचिव द्वारा ली गई थी। इस जानकारी की पुष्टि पार्थसारथी के एक ट्वीट से हुई, जो महिंद्रा समूह में एक वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर से ऐसा लग रहा है कि यह एक काले रंग की एसयूवी है। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि माननीय राष्ट्रपति को दिए जाने से पहले वाहन में कोई खास बदलाव या उसे कस्टमाइज किया गया है या नहीं। यह देखा जाना बाकी है कि Alturas राष्ट्रपति का आधिकारिक वाहन बनेगा या नहीं।
First BS6 Alturas was delivered to Honourable President of India last evening.
On his behalf, Jt. Secretary of President's Office took the delivery.#AlturasG4 Alturas G4 @anandmahindra @parthavs @rashtrapatibhvn @narendramodi @PMOIndia pic.twitter.com/ZOqhK4mVlI
— Sonu Sonwani (@sonwani1sonu) September 5, 2020
हालांकि इस बात की बहुत ज्यादा संभावना है कि महिंद्रा की Alturas एसयूवी, Mercedes Benz S Class (S600) Pullman Guard (मर्सिडीज बेंज एस क्लास (S600) पुलमैन गार्ड) को राष्ट्रपति के आधिकारिक वाहन के रूप में रिप्लेस नहीं कर पाएगी। इसके पीछे सुरक्षा से जुड़े कारण हैं।
S600 कार Mercedes-Maybach (मर्सिडीज-मेबैक) का एक फ्लैगशिप प्रॉडक्ट है। यह अपनी खास सुरक्षा फीचर्स के लिए जानी जाती है। हालांकि, Alturas निश्चित रूप से राष्ट्रपति के काफिले का हिस्सा बन सकता है और हम कुछ खास मौकों पर उन्हें अपने आधिकारिक आवागमन के लिए भी उसका इस्तेमाल करते हुए देख सकते हैं।
Mahindra Alturas BS6
Alturas G4 की बात करें तो यह तकनीकी रूप से SsangYong Rexton का रिबैज्ड वर्जन है। महिंद्रा ने पिछली पीढ़ी के Rexton को SsangYong बैजिंग के साथ भारत में पेश करने की कोशिश की थी, लेकिन यह कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई। बाद में, महिंद्रा ने 2018 में मौजूदा जेनरेशन की Rexton को पेश किया था लेकिन इस बार इसका नाम बदल गया था और इसे महिंद्रा की बैजिंग भी दी गई थी।
Alturas की पावर
Alturas को भारत में 2 ट्रिम्स में पेश किया जाता है, दोनों में एक जैसा डीजल इंजन मिलता है। यह एक 4-सिलेंडर, 2.2 लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन है जो 178 bhp का पावर और 420 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 7-स्पीड AT (टॉर्क कन्वर्टर) दिया गया है और ग्राहकों को AWD सेटअप या FWD सेटअप के बीच विकल्प को चुनने होता है। भारत में, Alturas G4 का मुकाबला Toyota Fortuner (टोयोटा फॉर्च्यूनर) और Ford Endeavour (फोर्ड एंडेवर) जैसी एसयूवी से है। एमजी मोटर की आनेवाली MG Gloster से Alturas G4 को टक्कर मिलने वाली है।
SsangYong का भविष्य
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मौजूदा समय में, Mahindra की दक्षिण कोरियाई सहायक कंपनी, SsangYong अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही है। ऐसी कई रिपोर्टें सामने आई हैं, जिन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि महिंद्रा SsangYong में अपनी हिस्सेदारी कम करना चाहती है। आनेवाले समय में कुछ अन्य अंतर्राष्ट्रीय Ford / Renault-Samsung जैसे ओईएम SsangYong में हिस्सेदारी ले सकते हैं।