जीप अब पूरी तरह से अपनी मेड इन इंडिया एसयूवी जीप कंपास के साथ तैयार होकर बाहर आ गई है। फिएट के महाराष्ट्र स्थित रंजनगांव प्लांट से यह एसयूवी गुरुवार को रोल आऊट हुई। यह प्लांट कंपनी के प्रमुख निर्माण युनिट के रूप में काम करेगा, यहां पर न सिर्फ कंपास एसयूवी को भारत में बेचने के लिए बनाया जाएगा बल्कि कई अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में इस गाड़ी को यहीं से बनाकर बेचा जाएगा जैसे कि जापान और यूके। कंपास के प्रोडक्शन के लिए जीप व फिएट ने मिलकर इस मॉडल के लिए 280 मिलियन अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है। इस एसयूवी का 70 फीसदी हिस्सा स्थानीय स्तर पर निर्मित है।
वैश्विक स्तर पर कंपास 17 इंजन विकल्पों और ड्राइवट्रेन कंफीगरेशन में मौजूद होगा जिनमें से कुछ का निर्माण भारत में ही किया जाएगा और इन्हें अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में बेचा जाएगा। कंपास को रेनेगेड के प्लेटफॉर्म पर ही बनाया जा रहा है। लेकिन कंपास का व्हीलबेस लंबा होगा तथा केबिन में जगह ज्यादा होगी, इस गाड़ी के सस्पेंशन सिस्टम को भी थोड़ा मोडीफाई किया गया है।
भारत में जिस कंपास को कंपनी बेचेगी वह दो इंजन विकल्पों में मौजूद होगी। इसमें से एक होगा 2.0 लीटर मल्टीजेट डीजल इंजन जो कि 170 एचपी की शक्ति और 350 एनएम का टॉर्क देता है। यह इंजन 4*2 और 4*4 कंफगरेशन में मौजूद होगा। इसमें 6 स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स दिया गया है। फिलहाल इसमें कोई ऑटोमेटिक का विकल्प नहीं है। हालांकि बाद में इसमें 9 स्पीड ऑटोमेटिक गियरबॉक्स को जोड़ा जाएगा। इसमें जो दूसरा इंजन लगा होगा वह होगा 1.4 मल्टीएयर पेट्रोल इंजन। यह इंजन 160 एचपी की शक्ति देगा तथा इसमें 6 स्पीड मैनुअल व 7 स्पीड ड्यृल क्लच ऑटोमेटिक का विकल्प होगा। डीजल की ही तरह इसमें भी 4*2 और 4*4 का विकल्प होगा।
इसके उच्च मॉडल में 7 इंच यूकोनेक्ट इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है जो कि एपल कार प्ले और एंड्रायड ऑटो से कनेक्ट है। सूत्रों की मानें तो इसके इंटीरियर की गुणवत्ता वही होगी जो ग्लोबल स्तर पर बिक रही इस गाड़ी में कंपनी ने ऑफर की है। जीप कंपास में कंपनी 6 एयरबैग ऑफर कर रही है। इसकी कीमत भारत में 16 से 23 लाख रुपये के बीच में हो सकती है।