इलेक्ट्रिक व्हीकल स्टार्टअप कंपनी Lucid Motors (ल्यूसिड मोटर्स) एक ऐसी कार लाने की तैयारी में है जिसकी रेंज के मामले में अमेरिका की दिग्गज इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला की कार से बहुत ज्यादा होगी। स्टार्ट-अप कंपनी Lucid मोटर्स भी अमेरिका के कैलिफोर्निया की है। कंपनी की नई इलेक्ट्रिक कार एक लग्जरी सेडान कार है जिसका नाम Lucid Air है।
रेंज
कंपनी का दावा है कि Lucid Air की स्वतंत्र परीक्षण में सत्यापित रेंज 517 मील (832 किलोमीटर) है। कंपनी Lucid Air की बिक्री की शुरुआत वर्ष 2021 में कर सकती है। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, इस कार को कैलिफोर्निया की 170वीं फाउंडिंग ऐनिवर्सरी के मौके पर 9 सितंबर 2020 को पेश किया जाएगा।
कीमत
ल्यूसिड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीटर रॉलिंसन ने एजेंसी को बताया कि उनके आनेवाली कार Air की शुरुआत में कीमत 100,000 डॉलर (लगभग 75 लाख रुपये) होगी। Tesla Model S (टेस्ला मॉडल एस) सेडान कार की कीमत लगभग 75,000 डॉलर (लगभग 56 लाख रुपये) से शुरू होती है।
टेस्ला ने जून में कहा कि उसकी नई कार Model S Long Range Plus (मॉडल एस लॉन्ग रेंज प्लस) अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी द्वारा प्रमाणित पहला वाहन है जिसकी ड्राइविंग रेंज 400 मील से ज्यादा है।
सस्ते वर्जन भी आएंगे
Lucid के सीईओ रॉलिंसन ने कहा कि इस इलेक्ट्रिक कार के कम कीमत वाले वर्जन भी बाद में आएंगे। उन्होंने बताया कि Lucid Air के बाद कंपनी वर्ष 2023 की शुरुआत में एक एसयूवी लाएगी, जो कि इसी व्हीकल प्लेटफॉर्म पर तैयार की जाएगी।
Lucid Air की स्पीड
Lucid मोटर्स की कार Air की रेंज Tesla के टॉप मॉडल कारों से कहीं ज्यादा होगी। कंपनी का कहना है कि इलेक्ट्रिक कार Lucid Air 2.5 सेकंड से भी कम समय में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। कंपनी का दावा है कि इसकी टॉप स्पीड 200 मील प्रति घंटे से ज्यादा है। Lucid कई वर्षों से इस कार को तैयार करने में जुटी थी।
कब बनी Lucid मोटर्स
Lucid मोटर्स, टेस्ला की फ्रेमोंट फैक्ट्री से कुछ ही दूर, सिलिकॉन वैली के दक्षिणपूर्वी तरफ, नेवार्क, कैलिफोर्निया में स्थित है। टेस्ला के पूर्व एक्जीक्यूटिव बर्नार्ड त्से और उद्यमी सैम वेंग ने Atieva Inc (एटिएवा इंक) के रूप में 2007 में Lucid की स्थापना की गई थी।