उम्मीद के मुताबिक हुंडई ने अपनी क्रेटा को बाजार में आकर्षक कीमत पर पेश कर दिया है। नई क्रेटा 2017 में अब ग्राहकों को ई प्लस के रूप में एग्जीक्यूटिव वेरिएंट मिल रहा है जिसमें 1.4 लीटर डीजल इंजन लगा है। इसकी शुरुआती कीमत कंपनी ने 9.99 लाख रुपये एक्सशोरूम दिल्ली रखी है। साथ ही 1.6 लीटर पेट्रोल व डीजल में एसएक्स प्लस ड्यूल टोन वेरिएंट को भी जोड़ा गया है। नए फीचर्स के तौर पर अब ग्राहकों को 7.0 ऑडियो वीडियो नेवीगेशन-एपल कार प्ले, एंड्रायड ऑटो एंड मिरर लिंक दिया गया है।
अपनी इस लोकप्रिय कार के पेशकश के दौरान कंपनी के एमडी व सीईओ वाईके कू ने बताया कि क्रेटा ने भारतीय बाजार में एसयूवी सेगमेंट में एक नया बेंचमार्क सेट किया है। अपने वर्ल्ड क्लास फीचर के सहारे यह कार लगातार प्रगति पथ पर अग्रसर है। हम अपने ग्राहकों को ध्यान में रखकर व उनके जरूरत के हिसाब से अपने उत्पादों को डिजाइन करते हैं। यही वजह है कि हमारी कारें भारतीय ग्राहकों को पसंद आ रही हैं।