दिल्ली में परिवहन विभाग द्वारा हाई सिक्युरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) (HSRP) को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के बाद इसकी बुकिंग को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। वहीं बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं होने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इस बीच हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट और कलर कोड स्टीकर लगवाने को लेकर 10 दिन के अंदर स्लॉट उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है। एचएसआरपी की बुकिंग को लेकर आंकड़ा छह लाख के करीब पहुंचने वाला है। जनवरी के आखिर तक होम डिलीवरी करने वालों की संख्या एक हजार हो जाएगी।
11 लाख वाहनों पर लगनी है कलर कोड स्टीकर
कंपनी से मिले आंकड़ों के अनुसार, दोपहिया वाहन में एचएसआरपी लगाने को लेकर एक लाख छह हजार बुकिंग मिली हैं। जबकि चार पहिया वाहन के लिए चार लाख 21 हजार आवेदकों ने बुकिंग की है। कलर कोड स्टीकर के लिए तीन लाख 35 हजार आवेदकों ने वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग के लिए आवेदन किया है। 11 लाख व्यवसायिक और निजी चार पहिया वाहनों पर स्टीकर लगने हैं। बुकिंग शेड्युल के अनुसार एचएसआरपी और कलर कोड स्टीकर लगाने का कार्य जारी है।
20 दिनों में 1.25 लाख से ज्यादा बुकिंग
कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार एक नवंबर से 31 दिसंबर के बीच यह आंकड़ा 452069 था। जनवरी की 20 तारीख तक यह आंकड़ा बढ़कर कुल पांच लाख 81 हजार तक पहुंच गया, यानि 20 दिन के अंदर एक लाख 28 हजार से अधिक लोगों ने वेबसाइट पर आवेदन किया।
फरवरी से 1000 कर्मचारी करेंगे होम डिलीवरी
मौजूदा समय में 750 कर्मी होम डिलीवरी को पूरा करने में जुटे हैं। जिनकी संख्या को जनवरी आखिर तक बढ़ाकर एक हजार कर दिया जाएगा। उधर, परिवहन विभाग के अनुसार अभी हाल ही में तीन दिन तक एचएसआरपी को लेकर चालान भी किए गए थे। जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना था। एचएसआरपी और कलर कोड स्टीकर के संबंध में जागरूक भी करेंगे।