नई गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट एक साल से लगाई जा रही हैं। परिवहन विभाग ने अब पुरानी गाड़ियों में भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश संभागीय परिवहन अधिकारियों को दिए हैं। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का कार्य वाहन डीलर्स ही करेंगे। इसके लिए आगरा में भी कवायद शुरू हो गई है।
पुरानी गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए वाहन डीलर को अपना ऑनलाइन पोर्टल विकसित करना होगा। इसके लिए वाहन स्वामी अपनी वाहन निर्माता कंपनी के डीलर के यहां ऑनलाइन आवेदन करेगा।
अगर जिले में डीलरशिप नहीं है तो नजदीकी जिले में भी प्लेट लगवाई जा सकती है। वाहन डीलर के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन आने पर वो आरटीओ के वाहन 4.0 सॉफ्टवेयर की मदद से वाहन का विवरण पता करेगा।
यदि वाहन स्वामी द्वारा प्रस्तुत विवरण वाहन सॉफ्टवेयर पर उपलब्ध विवरण से मैच नहीं करता है तो इसकी जानकारी डीलर, आवेदक और ऑनलाइन पोर्टल को देगा। साथ ही आरटीओ में वाहन का विवरण अपडेट कराने को कहेगा।
अभी तक जिले के वाहन डीलर्स नई गाड़ियों में ही इस तरह की प्लेट लगा रहे हैं। इसमें भी एक सप्ताह से पंद्रह दिन का समय लग रहा है। अब पुरानी गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी प्लेट लगाने के कार्य के लिए उन्हें पोर्टल और कर्मचारियों की तैनाती करनी होगी।
चालान, एफआईआर, बकाया टैक्स वाली गाड़ियों में नहीं लगेगी
हाई सिक्योरिटी प्लेट उस वाहन में नहीं लगाई जा सकेगी, जिस पर चालान, एफआईआर या बकाया धनराशि हो। सॉफ्टवेयर से मैच के बाद उन्हीं गाड़ियों में प्लेट लग पाएगी, जिन पर किसी तरह का कोई बकाया नहीं होगा।
18 लाख से अधिक गाड़ियां हैं पंजीकृत
जिले में प्राइवेट, व्यवसायिक चार पहिया, तिपहिया और दोपहिया वाहनों की संख्या 18 लाख से अधिक है। चार पहिया में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने का शुल्क 600 रुपये और दोपहिया के लिए 240 रुपये हैं।
वाहन डीलर्स के साथ हुई बैठक
आरटीओ में बुधवार को समस्त वाहन डीलर्स के साथ पुरानी गाड़ियों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने को लेकर बैठक हुई। इसमें वाहन डीलर्स ने अपनी समस्याएं गिनाईं। परिवहन अधिकारियों ने जल्द से जल्द इस सुविधा को शुरू करने पर बल दिया।
आसानी से नंबर प्लेट बदलवाने को देंगे मदद
एआरटीओ (प्रशासन) अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पुराने वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए विभाग तैयारी कर रहा है। डीलर्स को हर संभव मदद दी जाएगी, ताकि लोग आसानी से नंबर प्लेट बदलवा सकें।