अमेरिका की दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी Harley Davidson (हार्ले डेविडसन) भारत में जल्द ही अपने नई एंट्री लेवल बाइक लॉन्च करने जा रही है। भारत में डेब्यू करने से पहले ही इस बाइक की तस्वीरें इंटरनेट पर लीक हो गई है। 300cc Roadster मोटरसाइकिल का काफी समय से बाइक प्रेमी इंतजार कर रहे हैं। यहां जानें इस बाइक की सारी डिटेल्स।
एशियाई बाजार के लिए बनाई गई बाइक
हार्ले डेविडसन ने साल 2019 में चीन की ऑटोमोबाइल कंपनी Qianjiang (कियानजियांग) के साथ साझेदारी करने का एलान किया था। जिसके बाद से ही हार्ले डेविडसन की एंट्री लेवल बाइक की लॉन्चिंग बारे में अटकलें लगाई जा रही हैं।
कियानजियांग इटली की मशहूर बाइक ब्रांड Benelli (बेनेली) की मूल कंपनी है। और ऐसा माना जा रहा है कि आने वाली बाइक Benelli 302S (बेनेली 302S) पर आधारित होगी। इस बाइक को खासतौर पर एशियाई बाजार को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
लुक और डिजाइन
हालांकि, इन दोनों कंपनियों ने अपनी किसी भी प्रोजेक्ट का आधिकारिक रूप से एलान नहीं किया है। गौरतलब हो कि पिछले साल Harley ने 338R Street Tracker (338R स्ट्रीट ट्रैकर) कॉन्सेप्ट बाइक को उतारा था। हालांकि ये बाइक थोड़ी अलग थी। अब इंटरनेट पर लीक हुई बाइक की तस्वीर से पता चलता है कि यह हार्ले डेविडसन के मशहूर मॉडल Iron 883 की तरह है।
इंजन और स्पीड
रिपोर्ट के मुताबिक, इस नई बाइक में 296 cc, V- ट्विन इंजन मिलने की संभावना है जो करीब 30 hp पावर जेनरेट कर सकता है। इसमें वॉटर कूल्ड ओवरहेड-कैम, वी-ट्वीन मोटर, अपसाइड डाउन फॉर्क, बड़ा फ्यूल टैंक, राउंड शेप हेडलाइट्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं जो एक बॉबर बाइक जैसी ही हैं। बाइक की टॉप स्पीड करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
कलर थीम
हार्ले इसी तरह की डिजाइन फिलॉसफी का इस्तेमाल अपनी मोटरसाइकिल में पहले भी कर चुकी है। पूरी बाइक को ब्लैक कलर थीम दी गई है। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि बाइक के प्रॉडक्शन वर्जन में भी यह कलर स्कीम मिलेगी या नहीं। इस बाइक का कर्ब वेट लगभग 160 किलोग्राम होने की संभावना है।
सेफ्टी फीचर्स
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बाइक के फ्रंट में 16 इंच और पिछले हिस्से में 15 इंच का अलॉय व्हील मिल सकते हैं। इसके साथ ही इसका व्हीलबेस 1400 mm हो सकता है। इसमें एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम का फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर मिलेगा। कंपनी ने अभी आधिकारिक तौर पर बाइक की डिटेल्स का खुलासा नहीं किया है।
भारत में हीरो बेचेगी
बाइक को भारत में आयात किया जाएगा क्योंकि पिछले साल सितंबर में हार्ले डेविडसन ने देश में अपनी बाइक की मैन्युफैक्चरिंग और बिक्री बंद कर दी थी। इस दिग्गज अमेरिकी कंपनी को करीब एक दशक के बाद भारत में अपने पैर जमाने की कोशिश के बाद यहां से अपना बोरिया-बिस्तर समेटना पड़ा। अब उसने अपनी मोटरसाइकिलों को भारत में बेचने के लिए हीरो मोटोकॉर्प के साथ गठजोड़ किया है।