राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर फास्टैग लगवाने के लिए 15 दिन की छूट मिलने के बाद से टोलों के काउंटरों पर फास्टैग लगवाने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। हालांकि यह छूट 15 फरवरी से दी गई है, लेकिन शुक्रवार को भी दो हजार फास्टैग लगवाए गए। आगरा-दिल्ली हाईवे के टोलों से गुजरने वाले वाले वाहनों में से 76 फीसदी में फास्टैग लग चुके हैं।
टोल प्लाजा पर अभी तक फास्टैग लगाने का शुल्क लिया जा रहा था। एनएचएआई ने 15 से 29 फरवरी तक टोल प्लाजा के प्वाइंट ऑफ सेल पर फास्टैग निशुल्क लगाने की घोषणा की है। 13 फरवरी को महुअन और श्रीनगर टोलों पर केवल 750 गाड़ियों में फास्टैग लगवाए गए थे। शुक्रवार को यह आंकड़ा बढ़कर दो हजार पहुंच गया।
'15 दिन में 90 फीसदी वाहनों पर लग जाएगा फास्टैग'
एनएचएआई के परियोजना निदेशक मोहम्मद शफी ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि 15 दिन में आगरा-दिल्ली हाईवे के टोलों से गुजरने वाले 90 फीसदी वाहनों पर फास्टैग लग जाएगा। अभी यह 76 फीसदी वाहनों पर ही है।