टोयोटा इंडिया के पांच और कर्मचारियों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कंपनी ने इसकी खुद पुष्टी की है। कंपनी ने बताया कि उसके कर्नाटक के बिदादी मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में पांच कर्मचारी कोविड-19 से संक्रमित हैं। इनमें चार टोयोटा के कर्मचारी और एक कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ मेंबर शामिल है। बढ़ते कोरोना के मामलों के बावजूद भी टोयोटा ने अपने कारखाने को बंद नहीं किया है। हालांकि, कंपनी का कहना है कि कोविड-19 को लेकर बताए गए सभी नियमों को पालन किया जा रहा है। इसके अलावा सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों को सारी सुविधाएं दी जा रही हैं।
कंपनी की तरफ से बताया गया है कि जिन कर्मचारियों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उन्होंने 10, 14, 23 और 24 जुलाई को काम किया था। संक्रमित कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है। कंपनी यह भी पता लगी रही है कि ये सभी कर्मचारी प्रोडक्शन प्लांट में और किन लोगों के संपर्क में आए थे। कंपनी के मुताबिक काम करने वाली जगह पर हर रोज जांच से लेकर साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।
इससे पहले टोयोटा इंडिया ने कोविड-19 के पांच मामले, फिर ग्यारह और पंद्रह नए मामलों की सूचना दी थी। इससे पहले कंपनी की तरफ से बताया गया था कि जिन कर्मचारियों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, उन्होंने 3, 10, 13, 14 और 20 जुलाई को काम किया था। टोयोटा इंडिया ने कर्नाटक के बिदादी संयंत्र में उत्पादन शुरू करने के बाद कोरोना के मामलों की जानकारी दी थी। हालांकि, उस दौरान टोयोटा ने कुल एक्टिव मामलों के बारे में कोई भी जानकारी नहीं दी।
बता दें कि कर्नाटक सरकार की तरफ से जारी निर्देशों के कारण पिछले हफ्ते, कंपनी ने बिदादी में अपने संयंत्र में अस्थायी तौर पर प्रोडक्शन को रोक दिया था, लेकिन 20 जुलाई को कंपनी ने अपने प्लांट में फिर से प्रोडक्शन शुरू कर दिया।