कोरोना वायरस से दुनिया में सबसे ज्यादा प्रभावित देश अमेरिका में मृतकों की संख्या 67 हजार को पार कर गई है और 11 लाख 60 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। जॉन्स हॉपकिंस के आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका में पिछले 24 घंटे में 1435 लोगों की मौत हुई है, यहां मौत का सिलसिला लगातार जारी है।
कोरोनावायरस के पीड़ितों में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। इस वायरस के खिलाफ जंग में मोर्चा संभालने वाले कोरोना वॉरियर्स की मदद के लिए वहां लोग हर वो कोशिश कर रहे हैं जो उनके दायरे में है। अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया और मिशिगन के लोग भी कोरोना वॉरियर्स की सहायता में पीछे नहीं हैं। इन राज्यों के नागरिकों ने डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी लग्जरी RV (रिक्रिएशन वैन) इस्तेमाल के लिए दे दी है, ताकि उन्हें वे फिलहाल अपने घर न जाएं और उन्हें इन वैन में ही घर जैसी सुविधाएं मिल सके। इससे उनके परिवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाया जा सकेगा।
कोरोना वॉरियर्स की सहायता के लिए चल रही इस मुहिम में 15 हजार से ज्यादा लोग बढ़चढ़ कर अपना योगदान दे चुके हैं। इसके जरिये अब तक 2,500 से ज्यादा डॉक्टर, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों को ये रिक्रिएशन वैन मुहैया कराई जा चुकी हैं। बात दें कि इस वैन का एक महीने का किराया ही करीब 4 लाख रुपये तक होता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस मुहिम का लाभ पाने वालों में से एक मिशिगन की नर्स पेटीज कात्जे हैं। कात्जे ब्रॉनसन हॉस्पिटल के आईसीयू में काम करती हैं। इन दिनों वे करेन और स्टीव लैंबर्ट की दी गई रिक्रिएशन वैन का उपयोग कर रही हैं। इस संकट की घड़ी में करेन और स्टीव का मदद करने के जज्बे का एहसास इस बात से हो जाता है कि उन्होंने पेटीज को ये वैन देने के लिए लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा की।
स्टीव कहते हैं, "हमें लगा कि यह एक ऐसा संसाधन है, जिसका उपयोग नहीं किया जा रहा है। इसलिए हमने यह फैसला किया कि इसे कोरोना के खिलाफ जंग में उतार दिया जाए। हमें जैसे ही इस बात की जानकारी मिली कि केटीज को इसकी जरूरत है, हम अपनी RV उनकी सेवा में लेकर हाजिर हो गए।"
स्टीव की दरियादिली पर पेटीज का दिल भर आया। वे कहती हैं, "इन्होंने मेरे बहुत बड़ी चिंता को दूर कर दिया है। मुझे अपने 5 और 6 वर्षीय बच्चों और बूढ़ी मां की चिंता सताती रहती थी। मां का हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट का ऑपरेश हुआ था, ऐसे में मां को कोरोना के संक्रमण का बहुत अधिक खतरा है। अब इस वैन में घर के नजदीक हैं, इससे मैं पूरी परिवार को अपनी नजरों से देख पाती हूं।"
स्टीव ने पेटीज को अपनी रिक्रिएशन वैन देने के बाद उनके साथ एक सेल्फी भी ली। स्टीव इससे पहले अपने एक मित्र को अपनी किडनी दान कर चुके हैं।
RV में क्या है खास
इन रिक्रिएशन वैन में की कीमत लगभग 50 लाख रुपये से लेकर एक करोड़ रुपये है। खात तौर पर बनाए गए इन वैन में टीवी, बेडरूम, सोफा, रसोई, फ्रिज, टॉयलेट जैसी तमाम सुविधाएं होती हैं। वैन की छत उठाकर ऊंची भी की जा सकती है। इन वैन को कारवां, कैम्पर और मोटरहोम ने नाम से भी जाना जाता है। अमेरिका में औसतन 46 साल की उम्र वाला हर व्यक्ति ऐसी वैन का मालिक होता है।