राष्ट्रीय राजमार्ग पर टोल प्लाजा के पास जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शासन ने चार पहिया वाहनों व बसों में फास्टैग कार्ड लगाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जिले में अधिकांश वाहनों में तारीख निकलने के बाद भी फास्टैग कार्ड नहीं लगे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित टोल प्लाजा पर टैक्स जमा करने के लिए चार पहिया वाहनों व बसों को रुकना पड़ता है। जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। इससे निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने चार पहिया वाहनों व बसों में फास्टैग की सुविधा के निर्देश जारी किए।
अंतिम तिथि 15 दिसंबर निर्धारित की गई, लेकिन जिले से दिल्ली मार्ग पर दौड़ रहीं 80 बसों में से 45 बसों में ही फास्टैग कार्ड लगे हैं जबकि अन्य बसें बिना फास्टैग कार्ड के ही चल रही हैं। वहीं चार पहिया वाहन चालक भी इस सुविधा के लिए जागरूक नहीं हैं। जिससे टोल प्लाजा पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।