यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री मार्च में सालाना आधार पर 28.39 फीसदी बढ़ी है, जबकि दोपहिया, तिपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में गिरावट रही। वाहन डीलरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) के बृहस्पतिवार के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने खुदरा बाजार में कुल 2,79,745 यात्री वाहन बिके, जबकि मार्च, 2020 में यह आंकड़ा 2,17,879 इकाई था। इस दौरान दोपहिया वाहनों की बिक्री 35.26 फीसदी घटकर 11,95,445 इकाई रह गई। तिपहिया वाहनों की बिक्री 50.72 गिरकर 38,034 इकाई और वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 42.2 फीसदी घटकर 67,372 इकाई रह गई। हालांकि, आलोच्य महीने में ट्रैक्टर बिक्री 29.21 फीसदी बढ़कर 69,082 इकाई पर पहुंच गई। बिक्री के आंकड़े 1,277 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) से वाहनों के पंजीकरण के जुटाए आंकड़ों पर आधारित है। इसके मुताबिक, मार्च में सभी श्रेणी के वाहनों के पंजीकरण में सालाना आधार पर 28.64 फीसदी गिरावट रही।
यात्री वाहन: मारुति ने बेची रिकॉर्ड कारें
कंपनी मार्च, 2021 तेजी/गिरावट
मारुति 1,29,412 37 फीसदी
ह्यूंडई 45,719 40 फीसदी
टाटा मोटर्स 24,541 47 फीसदी
महिंद्रा एंड महिंद्रा 15,329 -22 फीसदी
किया मोटर्स 15,256 60 फीसदी
स्कोडा में 12,996 फीसदी तेजी
फाडा के मुताबिक, आलोच्य महीने में स्कोडा ऑटो फॉक्सवैगन इंडिया की बिक्री में सालाना आधार पर 12,996 फीसदी का जबरदस्त उछाल रहा। इस दौरान कंपनी ने कुल 3,012 कारें बेचीं। वहीं, एमजी मोटर की बिक्री 133 फीसदी बढ़कर 4,248 इकाई रही। फेरार इंडिया की बिक्री में भी 100 फीसदी तेजी रही, जबकि टोयोटा की बिक्री 68 फीसदी बढ़कर 12,530 इकाई पर पहुंच गई।
दोपहिया: सिर्फ रॉयल एनफील्ड में उछाल
कंपनी मार्च, 2021 तेजी/गिरावट
हीरो मोटोकॉर्प 3,96,573 -50 फीसदी
होंडा मोटरसाइकिल 3,13,101 -21 फीसदी
टीवीएस मोटर 1,78,377 -30 फीसदी
बजाज ऑटो 1,37,352 -38 फीसदी
रॉयल एनफील्ड 60,189 8 फीसदी
...इसलिए घटी दोपहिया बिक्री
फाडा ने प्यू रिसर्च की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा, संक्रमण की वजह से करीब 3.2 करोड़ भारतीय ‘मिडिल क्लास’ के दायरे से बाहर हो गए। इसके अलावा, पेट्रोल-डीजल एवं बीएस-6 वाहन की कीमतों में उछाल, नकदी की कम उपलब्धता और मोरेटोरियम अवधि के दौरान कर्ज भुर्गतान के दबाव से भी दोपहिया वाहनों की बिक्री प्रभावित हुई है।
लॉकडाउन से उद्योग को लगेगा झटका
उगादी, गुड़ी पड़वा, बैशाखी और पोएल बोएशाख जैसे त्योहारों के साथ शादी-विवाह का सीजन होने के कारण अप्रैल में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। इस मोड़ पर तेजी से फैल रही संक्रमण की दूसरी लहर उस विकास को अस्थिर कर सकती है, जो पिछले कुछ महीनों में हासिल हुआ है। इस समय किसी भी लॉकडाउन से उद्योग को झटका लगेगा। -विंकेश गुलाटी, अध्यक्ष, फाडा