देश की सरकारी बिजली कंपनी एनटीपीसी ने सोमवार को दिल्ली के स्कोप कंप्लेक्स में एक ई-व्हीकल चार्जिंग स्टेशन शुरू किया। कंपनी का कहना है कि यह तो शुरुआत है, बाद में इस योजना को पूरे देश में बढ़ाया जाएगा। कंपनी की देशभर में 12 से 18 महीनों में 150 से अधिक चार्जिंग केंद्र लगाने की योजना है और इसके तहत पायलट परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है।
पढ़ें: Hyundai Verna Review: 'इंडियन कार ऑफ द ईयर' को खरीदने से पहले पढ़ लीजिए रिव्यू
एनटीपीसी द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक दिल्ली में जो चार्जिंग स्टेशन शुरू किया गया है, उसके लिए फोर्टम इंडिया से सहयोग लिया गया है। इस स्टेशन में रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है ताकि इसका अनाधिकृत उपयोग नहीं हो सके। इस स्टेशन के लिए बिजली एनटीपीसी उपलब्ध कराएगी। फोर्टम इंडिया फिनलैंड की स्वच्छ ऊर्जा कंपनी फोर्टम की पूर्ण अनुषंगी इकाई है। इस चार्जिंग केंद्र का उद्घाटन कंपनी के निदेशक (वाणिज्यिक एवं परिचालन) एके गुप्ता ने किया।
फोर्टम इंडिया के प्रबंध निदेशक संजय अग्रवाल का कहना है कि सरकार का वर्ष 2030 तक सभी वाहनों को बिजली से चलाने का लक्ष्य है। इसके लिए स्मार्ट बुनियादी ढांचा का विकास जरूरी है। कंपनी की देशभर में 12 से 18 महीनों में 150 से अधिक चार्जिंग केंद्र लगाने की योजना है और इसके तहत पायलट परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है।