ग्राहक ओकिनावा वाहन को सबसे कम 12 महीनों के लिए किराये पर ले सकते हैं। ग्राहक अपने वाहन को अलग स्टाइल और मॉडल में अपग्रेड भी कर सकेंगे। ओकिनावा और ओटीओ कैपिटल की साझेदारी के तहत, अगर ग्राहक वाहन को खरीदने के लिए किसी दूसरे फाइनेंस विकल्पों के बदले ओटीओ की मासिक किश्त प्लान को चुनते हैं, तो उन्हें 30 प्रतिशत तक का फायदा हो सकता है।
इसे आसान भाषा में समझें तो अगर आप ओकिनावा प्रेज प्रो को दो साल की अवधि के लिए खरीदते हैं, तो दूसरे बैंक से लोन लेने पर आपको हर महीने 3960 रुपये की किश्त भरनी पड़ेगी। जबकि, ओटीओ की फाइनेंसिंग में खरीदारी करने पर आपको इस इलेक्ट्रिक वाहन के लिए केवल 2950 रुपये की मासिक किश्त भरनी पड़ेगी। यानी इस इलेक्ट्रिक वाहन पर आप 1000 रुपये से भी ज्यादा की बचत कर सकते हैं।
ओकिनावा के एमडी और संस्थापक जीतेंदर शर्मा ने कहा, “ओकिनावा ने लॉकडाउन में ढील के बाद मांग में तेजी देखी है। कोविड-19 महामारी के प्रकोप के बाद से लोग सार्वजनिक परिवहन से बच रहे हैं और निजी वाहन चुन रहे हैं। इससे इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई है। सरकार ने ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन सस्ता करने के लिए नई नीतियांं भी बनाई हैं। ओकिनावा का ओटीओ कैपिटल के साथ गठबन्धन उसी तर्ज पर कंपनी का एक और कदम है।" उन्होंने आगे कहा, "हमें ई-मोबिलिटी के बड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए उद्योग की कंपनियों और सरकार के साथ मिलकर काम करना है।”