cars left in sun can cause sanitiser to explode
- फोटो : Social Media
वाहन मालिकों ने अब इस्तेमाल के लिए अपनी कारों में सैनिटाइजर की बोतल रखना शुरू कर दिया है। गर्मी के मौसम में पारा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या धूप में खड़ी कारों में रखे सैनिटाइजर से धमाका हो सकता है।
हाल ही में, अमेरिका के विस्कॉन्सिन में अग्निशमन विभाग ने एक एडवाइजरी जारी की, जिसमें एक गर्म कार के भीतर सैनिटाइजर छोड़ने के संभावित खतरे के बारे में बताया गया। विभाग ने सोशल मीडिया पर एक वाहन के क्षतिग्रस्त इंटीरियर की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कहा गया कि कार में छोड़े गए सैनिटाइजर की एक बोतल में विस्फोट और नुकसान हुआ है।
पोस्ट में लिखा है, "अपनी प्रकृति के मुताबिक ज्यादातर हैंड सैनिटाइजर अल्कोहल-आधारित हैं और इसलिए ज्वलनशील हैं। गर्म मौसम के दौरान इसे अपनी कार में रखना, सूरज के सामने रखने से बोतल के जरिए ज्यादा रौशनी होना, और खासतौर पर धूम्रपान करते समय आग के नजदीक रहने से आपदा हो सकती है। कृपया इन संभावनाओं का सम्मान करें और सुरक्षित रहें।"
बाद में इस पोस्ट को हटा दिया गया और एक स्पष्टीकरण जारी किया गया। लेकिन यह वाहन मालिकों को यह सोचने पर मजबूर कर गया कि यदि सच है तो क्या होगा।
आमतौर पर भारत में बेचे जाने वाले हैंड सैनिटाइजर में 40 फीसदी से ज्यादा अल्कोहल की मात्रा होती है। कुछ ब्रांडों में 70 फीसदी से ज्यादा अल्कोहल की मात्रा होती है। जब ऐसा पदार्थ गर्मी के संपर्क में आता है तो विस्फोट हो सकता है और नुकसान पहुंचा सकता है, यहां तक कि पूरी कार को जला भी सकता है। पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं जब छोटी-छोटी चीजों जैसे बॉडी स्प्रे, केमिकल कार की सफाई करने वाली क्लीनिंग लिक्विड से कारों के अंदर धमाके हुए हैं।
70 फीसदी अल्कोहल काफी ज्वलनशील होती है और इसे बहुत संभाल कर रखना चाहिए। यदि यह सूरज की रौशन या गर्मी के सीधे संपर्क में है तो यह वाष्प (वेपर) छोड़ने लगता है और कंटेनर के अंदर दबाव पैदा करना शुरू कर देता है। यह विस्फोट और नुकसान की वजह बन सकता है। हालांकि, इसे अभी भी आग के संपर्क में आने या इसके प्रज्वलित होने के लिए चिंगारी की जरूरत होती है।
हालांकि इसका वास्तविक कारण पता लगाना मुश्किल है कि अमेरिकी अग्निशमन एजेंसी द्वारा दिखाए गए वाहन को सैनिटाइजर ने कैसे जला दिया। लेकिन यह सबक सीखना बहुत जरूरी है कि आपकी कार के अंदर इस तरह की ज्वलनशील वस्तुओं को छोड़ने से किसी भी तरह का नुकसान हो सकता है। हालांकि संकट की इस घड़ी में अपने साथ सैनिटाइजर की बोतल रखना उचित है, लेकिन साथ ही सतर्क रहना आपकी कार को किसी भी तरह के नुकसान से बचा सकता है।