टाटा मोटर्स ने इस साल की अपनी बहुप्रतीक्षित कॉपैक्ट सेडान टाटा टिगोर की बुकिंग शुरू करने की घोषणा कर दी है। कंपनी ने टिगोर की बुकिंग महज पांच रुपये से शुरू की है। टाटा कि किसी भी आधिकारिक डीलरशिप पर जाकर इसकी बुकिंग करवाई जा सकती है। इतने कम अमाउंट को लेकर बुकिंग शुरू करके टाटा ने अन्य कार कंपनियों को चौंका दिया है। टियागो पर आधारित यह कार एक सेडान है जिसे हाल ही में टाटा मोटर्स ने जिनेवा मोटर शो में प्रदर्शित किया था। इस कार की डिजाइन काफी आकर्षक व युवाओं को लुभाने वाली है।
इसकी जानकारी देते हुए टाटा मोटर्स के पैसेंजर्स वेहिकल बिजनेस युनिट के प्रेसीडेंट मयंक पारीक ने बताया कि हमें टिगोर को लेकर बाजार से काफी अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। हम आशा करते हैं कि इसकी स्टाइल व डिजाइन लोगों को पसंद आएगी।
टिगोर को कंपनी डीजल व पेट्रोल दोनों ही विकल्पों में पेश कर रही है जिसमें 1.2 लीअर रेवोट्रॉन पेट्रोल व रेवोटॉर्क 1.5 लीटर डीजल इंजन शामिल है। इसका पेट्रोल इंजन 85 बीएचपी की शक्ति व 114 एनएम का टॉर्क देता है जबकि डीजल इंजन 70 पीएस की शक्ति व 140 एनएम का टॉर्क प्रदान करता है। इन दोनों ही इंजनों में ईको और सिटी का विकल्प दिया गया है जिसका प्रयोग करके गाड़ी से अच्छा माइलेज हासिल किया जा सकता है। टाटा मोटर्स इस कार को 29 मार्च को बाजार में पेश कर रही है।