बजाज ऑटो के पंजाब में लगभग 200 सब डीलर्स और कुछ डीलर्स ने कंपनी की गाड़ियां बेचनी बंद कर दी है। डीलर्स बचे हुए बीएस-3 वाहनों के स्टॉक को लेकर 18 अप्रैल से अघोषित हड़ताल पर हैं। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने 1 अप्रैल से बीएस-3 टू व्हीलर्स की बिक्री पर रोक लगा दी है।
ऑटोइंडस्ट्री के सुत्रों की माने तो बजाज के लगभग 40 डीलर और 200 सब डीलर 1000 बीएस-3 वाहनों की बिक्री को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि बजाज ने ऐसी किसी घटना के इनकार किया है। बजाज ऑटो के प्रेसिडेंट का कहना है कि हमारे सभी डीलर अपना काम कर रहे हैं। कुछ सब डीलर्स को समस्या है, लेकिन उन्हें ये दिक्कत डीलर्स से है।
ध्यान दें कि पूणे स्थित ऑटोमेकर ने फरवरी में इस बात की जानकारी दी थी कि उसने जनवरी महीने से ही बीएस-4 वाहनों का निर्माण शुरू कर दिया है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज ने नए नियमों को लागू करने को लेकर कुछ समय भी मांगा था।
सब डीलर्स का कहना है कि बचे हुए 1000 यूनिट्स का कंपनी कोई मुआवजा नहीं दे रही हैं, जिस बात का उन्हें काफी दुख है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ज्यादातर लोग सामने आने से डर रहे है क्योंकि उन्हें कंपनी की कार्रवाई का डर है।