ऑटो एक्सपो को देखने फैमिली डे यानी रविवार को एक लाख से अधिक दर्शक पहुंचे। सुबह से दोपहर तक सामान्य भीड़ रही, लेकिन दोपहर बाद करीब एक बजे से दर्शकों की भीड़ बढ़ती चली गई। शाम तक एक्सपो मार्ट के सभी गेटों पर लोगों की लाइन लगी रही। इस दौरान ऑटोमोबाइल कंपनियों के पवेलियन पद बड़ी संख्या में लोगों ने वाहनों की जानकारी ली। हालांकि, शनिवार जैसे हालात एक्सपो के गेट पर नहीं रहे।
ऑटो एक्सपो में शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद थी। शनिवार को बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे, लेकिन रविवार को दर्शकों की संख्या कम रही। सुबह से दोपहर एक बजे तक एक्सपो मार्ट के गेटों पर ज्यादा भीड़ नहीं थी। दर्शकों का आसानी से प्रवेश मिल रहा था, लेकिन एक बजे के बाद लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। देर शाम तक लोग आते रहे। लोगों ने पवेलियन में जाकर वाहनों का दीदार किया।
गेट नंबर तीन और पांच पर सबसे अधिक भीड़ रही। यहां लोगों को लाइन में लगना पड़ा। पार्किंग के पास भी भीड़ ज्यादा रही। पार्किंग से निकलकर लोग सीधे एक्सपो में पहुंच रहे थे। ऑटो एक्सपो में रविवार को फैमिली डे था। ऐसे में लोग परिवार के साथ गाड़ियां देखने पहुंचे। लोगों ने मॉडल्स के साथ फोटो खिंचवाई। बच्चों और युवाओं में कारों के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ मची रही। मर्सिडीज, जीडब्ल्यूएम, किआ, टाटा के पवेलियन पर सबसे अधिक भीड़ रही। सियाम के डायरेक्टर राजेश मेनन का कहना है कि रविवार को एक लाख से अधिक लोग एक्सपो देखने पहुंचे है।
एक्सपो मार्ट के बाहर धीमी रही रफ्तार
ऑटो एक्सपो में रविवार को एक लाख से अधिक लोगों के पहुंचने से एक्सपो मार्ट के बाहर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। पार्किंग से एक्सप्रेसवे की तरफ आने वाले लोगों को परेशान होना पड़ा। यहां वाहन को निकलने में काफी समय लगा। नासा गोल चक्कर और एक्सपो मार्ट गोल चक्कर के पास वाहनों का दबाव ज्यादा रहा।
सड़क सुरक्षा पर किया जागरूक
चीन की कंपनी ग्रेट वॉल मोर्ट्स ने पवेलियन पर दर्शकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। नाटक के माध्यम से दर्शकों से नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही चेताया गया कि नियमों का पालन नहीं करने पर हादसा हो सकता है। मौके पर कंपनी ने अपनी गाड़ियों की खूबियों की भी जानकारी दी।
ऑटो एक्सपो में पहुंचीं साक्षी मलिक
भारतीय रेसलर साक्षी मलिक रविवार को ऑटो एक्सपो पहुंची। यहां मारुति सुजुकी के पवेलियन पर उन्होंने गाड़ियों के साथ फोटो खिंचवाई। वहीं, सोमवार को अभिनेता अक्षय कुमार ऑटो एक्सपो में आ सकते हैं। दोपहर में करीब एक बजे अक्षय टाटा मोटर्स के पवेलियन पर पहुंचेंगे। वहीं, अभिनेत्री नेहा धूपिया समेत कई अन्य हस्तियों के भी आने की सूचना है।