महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा का एक ट्वीट इन दिनों काफी वायरल हो रहा है। दरअसल आनंद महिंद्रा ने गया के लौंगी भुईंयां नाम के किसान को एक ट्रैक्टर देने की पेशकश की है, जिसे ट्विटर पर यूजर्स की तरफ से काफी सराहा जा रहा है। बता दें कि लौंगी भुईंयां के प्रयास और उनके परिश्रम की इस समय पूरा देश तारीफ कर रहा है। उन्होंने अपनी मेहनत से पूरे देश के सामने एक मिसाल खड़ी कर दी है। लौंगी भुईंयां ने अकेले अपनी मेहनत के दम पर तीस साल तक लगातार खुदाई कर के करीब तीन किलोमीटर लंबी नहर तैयार की है। उनके इस प्रयास को देखते हुए हर कोई उनकी मदद करना चाहता है। इसी कड़ी में अब आनंद महिंद्रा भी शामिल हो गए हैं।