टेस्ला के इलेक्ट्रिक साइबरट्रक को चुनौती दी है Ford F-150 पिकअप ट्रक ने। यह ट्रक अपनी 'सुपर' पावर के लिए जाना जाता है। फोर्ड के इस ट्रक में 3.5 से 5 लीटर का इकोबूस्ट V8 डीजल इंजन लगा है, जो 375 हार्सपावर की ताकत और 470 एनएम का टॉर्क देता है। वहीं यह 10 स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ आता है। खास बात यह है कि यह किसी भी तरह की सतह पर चल सकता है। साथ ही यह छह हजार किग्रा का वजन आसानी से ढो सकता है। यह ट्रक इतना शक्तिशाली है कि Porsche 911 को यह चुटकियों में पछाड़ सकता है।
वहीं बात करते हैं कि टेस्ला के इलेक्ट्रिक साइबरट्रक की पावर की, तो तीन मोटर सिस्टम सिंगल, डुअल और ट्रिपल मोटर के साथ आता है। डुअल और ट्रिपल मोटर वाला ट्रक ऑल व्हील ड्राइव है और 6,350 किग्रा तक का वजन ढो सकते हैं। टेस्ला को ट्रक के लिए अब तक 1.87 लाख ऑर्डर मिल चुके हैं, जिसमें से 42 फीसदी डुअल, 41 फीसदी ट्रिपल और 17 फीसदी सिंगल मोटर वेरियंट वाले ट्रक के ऑर्डर्स हैं।
टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अपने ट्विटर अकाउंट से एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में दिखाया गया है कि टेस्ला का ट्रक आसानी से Ford-150 पिकअप को खींच रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद इस पर कई लोगों ने सवाल खड़े किए जिसके बाद एलन मस्क ने अगले हफ्ते फिर से एक वीडियो जारी करने की बात कही है।
400 किमी की रेंज वाला यह इलेक्ट्रिक ट्रक सिंगल मोटर के साथ आएगा। यानि यह ट्रक एक बार चार्ज करने पर करीब 400 किलोमीटर की दूरी तय कर पाएगा। कंपनी का दावा है कि यह ट्रक करीब तीन हजार किलो ग्राम का वजन उठा सकता है। इसके साथ ही यह 6.5 सेकेंड में 0-60 मीटर प्रतिघंटे की रफ्तार पकड़ लेता है। इसकी शुरुआती कीमत 28 लाख रुपये है।
तकरीबन 500 किमी की रेंज वाला इलेक्ट्रिक ट्रक करीब 480 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। इसमें दो मोटर लगी होंगी, जो फोरव्हील ड्राइव एक्सपीरियंस देंगी। कंपनी का दावा है कि यह ट्रक भी करीब चार हजार किलोग्राम वजन ढो सकता है। साथ ही, 4.5 सेकेंड में 0-60 मीटर प्रतिघंटे की रफ्तार पकड़ लेता है। इसकी कीमत लगभग 35 लाख रुपये तय की गई है।
टेस्ला का 800 किमी की रेंज वाला इलेक्ट्रिक मिनी ट्रक 5,600 किग्रा का वजन उठा सकता है। इसमें तीन मोटर होंगी, जो इसे फुल चार्जिंग के बाद करीब 800 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में मदद करेंगी। यह ट्रक 2.9 सेकंड में 0-60 मीटर प्रतिघंटे की रफ्तार पकड़ेगा। इसकी शुरुआती कीमत 50 लाख रुपये रखी गई है।
कंपनी के मुताबिक, इस ट्रक में छह लोग बैठ सकते हैं। इस इलेक्ट्रिक ट्रक की बॉडी अल्ट्रा हार्ड स्टेनलेस स्टील से बनी है। इसमें 17 इंच का टच स्क्रीन भी दिया गया है। साथ ही इसके इंटीरियर को बेहद खूबसूरत बनाया गया है।