KTM ने अपनी KTM 890 Adventure से पर्दा हटा दिया है। कंपनी ने हाल ही में अपनी इस नई एडवेंचर मोटरसाइकिल को टीज किया था। यह 890 एडवेंचर व्हीकल लाइन-अप का बेस वेरिएंट है। कंपनी इसकी बिक्री दिसंबर 2020 से शुरू करेगी और माना जा रहा है कि इसकी डिलीवरी अगले साल से शुरू होगी।
KTM 890 Adventure: परफॉर्मेंस
KTM 890 Adventure और 890 Adventure R की तरह इसमें भी पावर के लिए 889 सीसी का पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। इसका इंजन 8,000 आरपीएम 103 bhp की मैक्सिमम पावर और 6,500 आरपीएम पर 100 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करेगा। इसका इंजन 6-स्पीड गियरबॉक्स से लैस है। कंपनी के मुताबिक इसके क्रेंकशाफ्ट में 20 फीसदी ज्यादा रोटेटिंग मास मिलेगा, जिससे बाइक का बैलेंस बेहतर होगा और इससे बेहतरीन राइडिंग अनुभव मिलेगा।
KTM 890 Adventure: फीचर्स
KTM 890 Adventure में 20-लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है। मुश्किल रास्तों पर बेहतर राइड के लिए इसके फ्रंट में 200 मिलीमीटर का सस्पेंशन ट्रेवल दिया गया है। वहीं, इसके रियर में WP एपेक्स मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। सुरक्षा के लिए इसमें कॉर्नेरिंग एबीएस, मोटर स्लिप रेगुलेशन, ट्रेक्शन कंट्रोल बतौर स्टैंडर्ड दिया गया है। इसमें फुल-साइज टीएफटी स्क्रीन दिया गया है। इसके अलावा इसमें क्रूज कंट्रोल, क्विक-शिफ्टर, हीटेड ग्रिप्स जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
KTM 250 Adventure भारत में लॉन्च के लिए तैयार
इसके अलावा KTM India भारत में अपनी 250 Adventure को भी लॉन्च करने के लिए तैयार है। रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इसे अगले सप्ताह भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। KTM के सभी डीलरशिप्स पर इसकी प्री-बुकिंग शुरू हो गई है। ग्राहक 1000 से 5000 रुपये की टोकन राशि देकर इस मोटरसाइकिल को प्री-बुक कर सकते हैं। KTM 250 Adventure भारतीय बाजार में ऑरेंज और ब्लैक जैसे दो कलर वेरिएंट्स के साथ आ सकती है। कंपनी इसकी बिक्री इस महीने के आखिरी सप्ताह से शुरू कर देगी, जिससे त्योहारी सीजन में इसकी बिक्री ज्यादा से ज्यादा हो सके।
KTM 250 Adventure एडवेंचर बाइक को टेस्टिंग के दौरान कई बार भारतीय सड़कों पर देखा जा चुका है। इस बाइक के लॉन्च होने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। ऑनलाइन इंटरनेट और सोशल मीडिया पर इसकी कीमतों और स्पेसिफिकेशंस को लेकर कई दावे भी किए जा रहे हैं।