जर्मन लग्जरी कार निर्माता Audi (ऑडी) देश में अपने इलेक्ट्रिक वाहन पोर्टफोलियो को मजबूत करने के लिए अगले महीने भारत में इलेक्ट्रिक एसयूवी Audi Q8 e-tron (ऑडी क्यू8 ई-ट्रॉन) लॉन्च करेगी। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। कंपनी 18 अगस्त को Audi Q8 e-tron को दो बॉडी टाइप - Q8 ई-ट्रॉन एसयूवी और Q8 ई-ट्रॉन स्पोर्टबैक में लॉन्च करेगी। इसमें 114kW की बैटरी मौजूदा ई-ट्रॉन की 95 किलोवाट की बैटरी की तुलना में ज्यादा रेंज का वादा करती है।
ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने पीटीआई-भाषा को बताया, ''हम मूल रूप से अपने (इलेक्ट्रिक वाहन) उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत कर रहे हैं और जो वैश्विक स्तर पर उपलब्ध है उसे भारत में अपने ग्राहकों के लिए ला रहे हैं।''
उन्होंने कहा, "जो कुछ भी पॉजिटिव बिजनेस केस बनता है, हम उसे भारत में लाना चाहते हैं, और Q8 ई-ट्रॉन के साथ हम ऑडी की पेशकश में उपलब्ध लेटेस्ट चीजों के साथ अपने (ईवी) पोर्टफोलियो को मजबूत करना चाहते हैं।"
दुनिया के साथ भारत में लॉन्चिंग
ढिल्लों ने कहा कि Q8 ई-ट्रॉन को उसी साइकिल में भारत में लॉन्च किया जा रहा है, जहां वैश्विक स्तर पर इसे लॉन्च किया जा रहा है, जिससे ऑडी के लिए भारतीय बाजार की अहमियत का पता चलता है।
उन्होंने कहा, "इसलिए, हम भारत में अपनी ईवी रेंज को मजबूत करने के लिए इस मॉडल को बहुत सकारात्मक रूप से देख रहे हैं।"
ऑडी इंडिया के मौजूदा ईवी पोर्टफोलियो में ई-ट्रॉन 50, ई-ट्रॉन 55, ई-ट्रॉन स्पोर्टबैक 55, ई-ट्रॉन जीटी और आरएस ई-ट्रॉन जीटी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि Q8 ई-ट्रॉन को पूरी तरह से निर्मित इकाई (कंप्लीट बिल्ट यूनिट) (सीबीयू) के रूप में आयात किया जाएगा और यह पोर्टफोलियो में टॉप-एंड वैरिएंट में से एक होगा।
इलेक्ट्रिक कार कंपनी बनने का लक्ष्य
ऑडी ने 2033 तक पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार कंपनी बनने की वैश्विक रणनीति के तहत पेट्रोल और इलेक्ट्रिक वाहनों पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया था।
ढिल्लों ने कहा, "हम उसी पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। Q8 ई-ट्रॉन के साथ, हम अगली पीढ़ी (इलेक्ट्रिक) कारों की अपनी यात्रा शुरू कर रहे हैं। इसके बाद आने वाले वर्षों में हम भारत में और ज्यादा इलेक्ट्रिक कारों को आते देखेंगे।"
उन्होंने कहा कि भारत में, लग्जरी सेगमेंट में ऑडी के इलेक्ट्रिक वाहन लोकप्रियता हासिल कर रहे हैं। बावजूद इसके कि ये कारें औसतन 1.5 करोड़ रुपये की कीमत पर बेची जा रही हैं और सिर्फ बहुत ही सीमित वर्ग के ग्राहकों को लक्ष्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "अपनी कुल संख्या के लिहाज में हम जो इलेक्ट्रिक कारें बेचते हैं उनका प्रतिशत अभी भी बहुत कम है लेकिन यह सिर्फ बढ़ रहा है और उम्मीद है कि आने वाले समय में यह और भी बढ़ेगा। आखिरकार एक दिन हम पूरी तरह से इलेक्ट्रिक कार कंपनी बन जाएंगे। इसलिए भारत में ई-ट्रॉन को एक मजबूत ब्रांड बनाने पर अभी भी ध्यान केंद्रित है।"
कंपनी की उम्मीदें
हालांकि, उन्होंने कहा, "ई-ट्रॉन सहित इलेक्ट्रिक कारों की स्वीकार्यता न सिर्फ मेट्रो शहरों में काफी सकारात्मक है, बल्कि श्रेणी बी और श्रेणी सी शहरों में भी, इलेक्ट्रिक कारें लोकप्रिय हो रही हैं, और हर तरह के ग्राहकों से हमारे पास बहुत सारी सकारात्मकता है, जिससे हमें अपनी बिक्री बढ़ाने में मदद मिल रही है।"
ऑडी की बिक्री
ऑडी ने पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 2023 की पहली छमाही में भारत में खुदरा बिक्री में 97 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 3,474 यूनिट्स की बढ़ोतरी दर्ज की थी। 2022 में, ऑडी इंडिया ने 4,187 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो 2021 में बेची गईं 3,293 यूनिट्स की तुलना में 27.14 प्रतिशत की बढ़ोतरी थी।