फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब घर बैठे अमेजन पर बुक करें पसंदीदा कार: ह्यूंदै के साथ कंपनी की बड़ी प्लानिंग, क्या कम होंगे शोरूम के चक्कर?

Thu, 26 Nov 2026 01:40 PM IST
जागृति शुक्ला ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • अमेजन 2027 में यूके में कारें बेचेगा।
  • ह्यंदै के साथ शुरू होगी साझेदारी।
  • अमेरिका के बाहर पहली बार कार बिक्री।
  • नई और पुरानी कारें खरीद सकेंगे ग्राहक।
विज्ञापन
अमेजन-ह्यूंदै ने मिलाया हाथ - फोटो : एआई जनरेटेड
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अब तक अमेजन पर आपने मोबाइल, टीवी, कपड़े और घर की जरूरत का सामान खरीदा होगा, लेकिन जल्द ही यहां कार खरीदने का विकल्प भी मिलने वाला है। अब अमेजन ने ऑटोमोबाइल बाजार में उतरने की तैयारी कर ली है। इसके लिए कंपनी ने ह्यूंदै से हाथ भी मिलाया है। जल्द ही अमेजन ऑटोस नाम से यह सेवा यूके में शुरू होगी, खास बात यह है कि अमेरिका के बाहर पहली बार अमेजन अपनी इस सेवा के जरिए कारों की बिक्री करेगा। ब्रिटेन का कार रिटेल बाजार 200 अरब पाउंड से ज्यादा का है। ऐसे में अमेजन की एंट्री से ऑनलाइन कार बिक्री के साथ-साथ पारंपरिक डीलरशिप के कारोबार पर भी असर पड़ सकता है।

विज्ञापन


अमेजन ऑटोस की कब से शुरुआत होगी?

  • अमेजन की नई सेवा अमेजन ऑटोस की शुरुआत यूके में 2027 की शुरुआत में होगी। कंपनी ने इसके लिए दक्षिण कोरिया की वाहन निर्माता ह्यूंदै को शुरुआती साझेदार बनाया है। यानी शुरुआत में ग्राहक अमेजन के प्लेटफॉर्म पर ह्यूंदै की कारें देख और खरीद सकेंगे।
  • अमेजन दुनिया का सबसे बड़ा ऑनलाइन रिटेलर है और इसकी मार्केट वैल्यू 2.7 ट्रिलियन डॉलर बताई गई है। कंपनी अब उन बड़े बाजारों में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है, जहां अभी तक उसका कार बिक्री कारोबार नहीं पहुंचा है।


किस तरह की कारें खरीद सकेंगे ग्राहक?

  • यूके में अमेजन ऑटोस के जरिए ग्राहक ह्यूंदै की नई इलेक्ट्रिक, हाइब्रिड और पेट्रोल कारें खरीद सकेंगे। इसके अलावा, पुरानी यानी यूज्ड कारों का विकल्प भी मिलेगा। इसके लिए अमेजन ने ब्रिटेन की बड़ी डीलरशिप कंपनी वर्टू मोटर्स (Vertu Motors) के साथ साझेदारी की है।
  • इस तरह ग्राहक एक ही प्लेटफॉर्म पर नई और पुरानी कारों के विकल्प देख पाएंगे। कंपनी का कहना है कि सेवा शुरू होने से पहले इसमें और भी कार ब्रांड और डीलर जोड़े जाएंगे।

विज्ञापन

कैसे खरीद सकेंगे कार?

  • अमेजन ने कार खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने की योजना बनाई है। ग्राहक पहले प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कारों के मॉडल देख सकेंगे और उनकी शुरुआती कीमत की जानकारी हासिल कर सकेंगे। इसके बाद उन्हें फाइनेंसिंग के विकल्प दिखेंगे। साथ ही पसंद की कार को रिजर्व करने का ऑप्शन मिलेगा।
  • हालांकि, खरीदारी की अंतिम प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्हें संबंधित फिजिकल डीलरशिप से संपर्क करना होगा। यानी कार का चुनाव और शुरुआती बुकिंग ऑनलाइन होगी, जबकि खरीदारी पूरी करने में डीलर से संपर्क करना हाेगा। अमेजन ऑटोस इंटरनेशनल के डायरेक्टर मैट नफोर्ट के अनुसार, कार खरीदना लोगों के जीवन की सबसे बड़ी खरीदारी में से एक होता है। कंपनी चाहती है कि यह प्रक्रिया भी अमेजन पर दूसरी चीजें खरीदने जितनी आसान और पारदर्शी हो।
  • उन्होंने बताया कि यूके में ग्राहकों को उपलब्ध कारें देखने, शुरुआती कीमत जानने, कार रिजर्व करने और खरीदारी पूरी करने के लिए डीलर से संपर्क करने की सुविधा मिलेगी।


कहां-कहां उपलब्ध है यह सेवा?

  • अमेजन ऑटोस अमेरिका में पहले से काम कर रही है। वहां यह सेवा करीब 150 शहरों में उपलब्ध है। इसके नेटवर्क में हजारों डीलर शामिल हैं, जो 35 ब्रांडों के वाहन उपलब्ध कराते हैं। अमेरिका में अमेजन के साथ जुड़ने वाला पहला कार ब्रांड ह्यूंदै था। अब दोनों कंपनियां इसी साझेदारी को ब्रिटेन तक ले जा रही हैं।
  • ह्यूंदै के चीफ एग्जीक्यूटिव जोस मुनोज ने कहा कि अमेजन ऑटोस के साथ साझेदारी ने अमेरिका में ग्राहकों के ह्यूंदै ब्रांड को खोजने के तरीके को बदला है। उनके मुताबिक, अमेजन के जरिए ह्यूंदै की डीलरशिप पर हुई बिक्री में 78 फीसदी ग्राहक ऐसे थे, जो पहले इस ब्रांड के ग्राहक नहीं थे।


यूके के बड़े कार रिटेल बाजार में बढ़ेगी प्रतिस्पर्धा

  • ब्रिटेन का कार रिटेल बाजार 200 अरब पाउंड से अधिक का सालाना कारोबार करता है। इस बाजार में पहले से ऑनलाइन कार बिक्री करने वाली वेबसाइट्स और पारंपरिक डीलरशिप मौजूद हैं। इसके अलावा, वाहन कंपनियां भी अपनी वेबसाइटों के जरिए सीधे ग्राहकों को कारें बेचती हैं।
  • ऐसे में अमेजन की एंट्री से इन सभी कंपनियों के बीच मुकाबला बढ़ सकता है। खास तौर पर ऑनलाइन कार बिक्री करने वाली कंपनियों की नजर इस नई सेवा पर रहेगी।


अमेजन की घाेषणा के बाद ऑटोट्रेडर के शेयर गिरे

  • अमेजन के यूके कार बाजार में उतरने की खबर का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। बुधवार को ब्रिटेन की सबसे बड़ी कार बिक्री वेबसाइट ऑटोट्रेडर के शेयरों में तीन फीसदी की गिरावट आई।
  • ऑटोट्रेडर के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी ऑटोमोटिव क्षेत्र में नए बदलावों का स्वागत करती है, लेकिन उसका मुख्य ध्यान ब्रिटेन के कार खरीदारों को बेहतर अनुभव देने पर है।
  • कंपनी ने यह भी कहा कि उसके पास ऑटोमोटिव डेटा का एक खास और बड़ा भंडार है। इसमें यूके के बाजार के लिए तैयार किए गए एआई मॉडल भी शामिल हैं। ऑटोट्रेडर के मुताबिक, इस डेटा और तकनीक को तैयार करने में कई दशक लगे हैं।


कार खरीदने का तरीका बदलने की तैयारी

  • एक्सपर्ट्स कहते हैं कि ऑटोस की यूके में एंट्री से कार खरीदने के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल और बढ़ सकता है। ग्राहक एक ही जगह अलग-अलग मॉडल देख सकेंगे, कीमत जान सकेंगे और फाइनेंसिंग विकल्पों की तुलना कर सकेंगे। हालांकि, डीलरशिप से जुड़कर खरीदारी पूरी करने की व्यवस्था भी बनी रहेगी।
  • अब देखना होगा कि 2027 की शुरुआत में सेवा लॉन्च होने के बाद ब्रिटेन के ग्राहक अमेजन के इस नए तरीके को कितना पसंद करते हैं और इसका असर वहां के ऑनलाइन और पारंपरिक कार बिक्री कारोबार पर कितना पड़ता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें