Air cooled vs Liquid cooled engine bike: बाइक खरीदते समय दिमाग में सबसे पहले आने वाला सवाल बजट और माइलेज होता है। इसके बाद फीचर्स के चक्कर में हम इंजन के कूलिंग सिस्टम पर ध्यान देना भूल जाते हैं। जबकि यही सिस्टम तय करता है कि आपकी बाइक गर्म मौसम, ट्रैफिक जाम और लंबी यात्राओं के दौरान कैसी परफॉर्म करेगी। भारतीय परिस्थितियों में एयर-कूल्ड और लिक्विड-कूल्ड इंजन दोनों की अपनी अलग खूबियां हैं। ऐसे में बाइक खरीदने से पहले इनके बीच का फर्क समझना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
इंजन कूलिंग सिस्टम क्यों होता है जरूरी?
- मोटरसाइकिल का इंजन ईंधन जलाकर पावर पैदा करता है और इस प्रक्रिया में काफी गर्मी भी पैदा होती है। अगर इस गर्मी को सही तरीके से नियंत्रित न किया जाए तो इंजन की परफॉर्मेंस, माइलेज और लाइफ पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
- इसी वजह से हर बाइक में कूलिंग सिस्टम दिया जाता है, जो इंजन का तापमान संतुलित रखता है। सही तापमान पर काम करने वाला इंजन ज्यादा स्मूद चलता है, कम घिसता है और लंबे समय तक बेहतर प्रदर्शन देता है।
लिक्विड-कूल्ड इंजन कैसे करता है काम?
- लिक्विड-कूल्ड सिस्टम में एक खास कूलेंट का उपयोग करता है, जो इंजन के अंदर बने चैनल्स से होकर गुजरता है। साथ ही अतिरिक्त गर्मी भी ले जाता है। इसके बाद यह गर्म कूलेंट रेडिएटर तक पहुंचता है, जहां इसकी गर्मी बाहर ही निकल जाती है। ठंडा होने की वजह से यह इंजन में फिर से भेज दिया जाता है और यही प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है।
- इस तकनीक की खासियत भी है। यह इंजन का तापमान काफी स्थिर बनाए रखने में मदद करती है। यही वजह है कि लंबी दूरी की यात्रा के समय हाईवे राइडिंग और भारी ट्रैफिक में भी इंजन की परफॉर्मेंस प्रभावित नहीं होती।
परफॉर्मेंस बाइक्स में क्यों मिलता है लिक्विड कूलिंग सिस्टम?
- लिक्विड कूलिंग की मदद से कंपनियां इंजन को ज्यादा हाई कम्प्रेशन रेशियो और टाइट टॉलरेंस के साथ डिजाइन कर सकती हैं। इसका फायदा यह होता है कि कम इंजन क्षमता से भी ज्यादा पावर और बेहतर प्रदर्शन हासिल किया जा सकता है।
- इसके अलावा कूलेंट जैकेट इंजन की आवाज को भी कम करने में मदद करती है, जिससे राइडिंग अनुभव ज्यादा रिफाइंड महसूस होता है।
- भारत में केटीएम 390 ड्यूक, रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 और ट्रायम्फ स्पीड 400 जैसी कई लोकप्रिय मोटरसाइकिलें लिक्विड-कूल्ड इंजन के साथ आती हैं।
एयर-कूल्ड इंजन कैसे काम करता है?
- एयर-कूल्ड सिस्टम तकनीक के मामले में काफी सरल होता है। इसमें इंजन और सिलेंडर पर विशेष कूलिंग फिन्स बनाए जाते हैं, जो हवा के संपर्क में आने वाली सतह को बढ़ाते हैं।
- जब बाइक चलती है तो हवा इन फिन्स से टकराती है और इंजन की गर्मी को बाहर निकालने का काम करती है। यह पूरी प्रक्रिया एयर फ्लो पर आधारित होती है और किसी अतिरिक्त कूलेंट या रेडिएटर की जरूरत नहीं पड़ती।
कम्यूटर बाइक्स में आज भी एयर कूलिंग क्यों पसंद किए जाते हैं?
- एयर-कूल्ड इंजन कम जटिल होते हैं और इनमें कम पार्ट्स इस्तेमाल किए जाते हैं। यही वजह है कि इनकी कीमत कम होती है और रखरखाव भी आसान रहता है।
- भारत की कई लोकप्रिय कम्यूटर मोटरसाइकिलें जैसे हीरो स्प्लेंडर प्लस, होंडा शाइन और बजाज प्लेटिना110 इसी तकनीक का उपयोग करती हैं।
- अगर आपकी बाइक का उपयोग मुख्य रूप से शहर में रोजाना आने-जाने के लिए होता है, तो एयर-कूल्ड इंजन एक किफायती विकल्प साबित हो सकता है। यह अच्छी माइलेज देता है और सर्विसिंग का खर्च भी कम रहता है।
- दूसरी तरफ, भारत की गर्मी और ट्रैफिक की समस्या आम होती जा रही है। ऐसे में लिक्विड-कूल्ड इंजन तापमान को बेहतर तरीके से नियंत्रित कर सकता है। इससे इंजन पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और प्रदर्शन लगातार बना रहता है।
किसे खरीदना रहेगा ज्यादा समझदारी?
अगर आपकी प्राथमिकता कम कीमत, बेहतर माइलेज, आसान मेंटेनेंस और रोजमर्रा की यात्रा है, तो एयर-कूल्ड मोटरसाइकिल आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है।
वहीं अगर आप अक्सर हाईवे पर लंबी दूरी तय करते हैं, टूरिंग पसंद करते हैं या ज्यादा पावर और लगातार बेहतर प्रदर्शन चाहते हैं, तो लिक्विड-कूल्ड बाइक पर थोड़ा अतिरिक्त निवेश करना फायदेमंद रहेगा।