AI के बढ़ते इस्तेमाल से वाहन कंपनियों की मार्केटिंग कैसे बदल सकती है?
अध्ययन के अनुसार, ग्राहकों के खरीदारी से पहले अधिक विस्तृत जानकारी तलाशने के कारण वाहन कंपनियों को अपनी डिजिटल मार्केटिंग रणनीतियों में बदलाव करने की जरूरत है।
रिपोर्ट में वाहन निर्माताओं को केवल सामान्य उत्पाद स्पेसिफिकेशन पर निर्भर रहने के बजाय विस्तृत रिव्यू, व्यावहारिक प्रदर्शन और रोजमर्रा के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है।
उदाहरण के तौर पर, कंपनियां यह दिखा सकती हैं कि किसी कार में चाइल्ड सीट आसानी से फिट होती है या नहीं, घर पर इलेक्ट्रिक वाहन का चार्जर कैसे लगाया जाता है या रोजमर्रा के ट्रैफिक में ADAS और 360-डिग्री कैमरा किस तरह काम करते हैं।
वीडियो और AI आधारित विज्ञापन से कितना फायदा मिल सकता है?
अध्ययन में यह भी बताया गया है कि वाहन कंपनियां संभावित ग्राहकों तक खरीदारी के अलग-अलग चरणों में पहुंचने के लिए वीडियो विज्ञापन और AI आधारित डिजिटल मार्केटिंग समाधानों को एक साथ इस्तेमाल कर रही हैं।
रिपोर्ट में Hyundai Verna (ह्यूंदै वर्ना) के एक अभियान का उदाहरण दिया गया है। इसमें यूट्यूब और एआई आधारित गूगल विज्ञापन समाधानों को एक साथ इस्तेमाल किया गया। इस अभियान के दौरान मार्च-अप्रैल 2026 में कंपनी की खुदरा बिक्री जनवरी-फरवरी 2026 की तुलना में 30 प्रतिशत बढ़ने की जानकारी दी गई।
इसी अभियान में लीड्स में 35 प्रतिशत वृद्धि और प्रति पूछताछ लागत में 32 प्रतिशत कमी भी दर्ज की गई।
Google-Kantar का यह अध्ययन कैसे किया गया?
गूगल की ओर से कराए गए इस अध्ययन को कांतार ने मई 2026 में किया था। इसके लिए भारत के महानगरों और टियर-1 शहरों में पिछले छह महीनों के दौरान कार खरीदने वाले 1,022 लोगों का ऑनलाइन सर्वेक्षण किया गया।
अध्ययन के निष्कर्षों से संकेत मिलता है कि AI अब कार खरीदने से पहले की रिसर्च प्रक्रिया में एक अतिरिक्त डिजिटल साधन के रूप में तेजी से शामिल हो रहा है। ऐसे में वाहन कंपनियों के लिए ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों और रोजमर्रा के इस्तेमाल से जुड़े सवालों पर केंद्रित डिजिटल सामग्री तैयार करना महत्वपूर्ण हो सकता है।