मस्क से नाराजगी टेस्ला पर पड़ रही भारी
- फोटो : अमर उजाला
दुनिया के सबसे अमीर शख्स और अरबपति बिजनेसमैन एलन मस्क (Elon Musk) की टेस्ला कार (Tesla Car) की लोकप्रियता अब उनके अपने ही देश में घटने लगी है। अमेरिकी जनता का टेस्ला की कारों के प्रति मोहभंग होता दिख रहा है। इस साल जनवरी और फरवरी में दुनियाभर में टेस्ला की कारों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई, वहीं अब एक नई रिपोर्ट में ब्रांड के प्रति लोगों की घटती दिलचस्पी का खुलासा हुआ है। आइए जानते हैं टेस्ला की कारों के बारे में यह रिपोर्ट क्या कह रही है।
हाल ही में याहू न्यूज ने एक सर्वे किया जिसमें दो-तिहाई अमेरिकी (67%) अब टेस्ला खरीदने या लीज पर लेने पर विचार नहीं कर रहे हैं। यह सर्वे 20 मार्च से 24 मार्च के बीच 1,677 अमेरिकी वयस्कों पर किया था। सर्वे के अनुसार, करीब 56% अमेरिकी मस्क को टेस्ला न खरीदने का कारण मानते हैं। इनमें से 30% का कहना है कि मस्क उनके फैसले का मुख्य कारण हैं, जबकि 26% का मानना है कि वह एक अहम वजह हैं।
एलन मस्क
- फोटो : Social Media
लगातार घट रही मस्क की लोकप्रियता
बता दें कि मस्क की लोकप्रियता नवंबर 2024 से लगातार गिर रही है। इसकी बड़ी वजह उनकी दक्षिणपंथी विचारधारा के प्रति छुकाव को माना जा रहा है। एलन मस्क एक्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) के भी मालिक हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को चुनाव जिताने के लिए ‘X’ को दक्षिणपंथी विचारधारा की ओर मोड़ दिया और चुनाव प्रचार में करीब 250 मिलियन डॉलर खर्च किए।
मस्क की छवि को क्यों हुआ नुकसान?
नए सर्वे के मुताबिक, अब सिर्फ 39% अमेरिकी मस्क को पसंद करते हैं, जबकि 55% लोग उनके खिलाफ हैं। पिछले साल नवंबर में यह आंकड़ा अलग था, जब 49% लोग मस्क के पक्ष में थे और 39% उनके खिलाफ। सर्वे के मुताबिक, 54% अमेरिकियों को लगता है कि मस्क का ट्रंप पर ‘बहुत ज्यादा प्रभाव’ है, जबकि नवंबर में यह आंकड़ा 39% था। वहीं, सिर्फ 30% लोगों को लगता है कि उनका प्रभाव ‘उचित’ है, जो कि पहले 36% था।
टेस्ला की साख को नुकसान
- फोटो : Tesla
#TeslaTakedown से बढ़ी मुश्किलें
एलन मस्क को लेकर जनता में नाराजगी का असर टेस्ला पर भी पड़ा है। #TeslaTakedown जैसे विरोध प्रदर्शन टेस्ला की साख को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वर्तमान में, सिर्फ 2% अमेरिकी टेस्ला के मालिक हैं और 18% भविष्य में इसे खरीदने पर विचार कर सकते हैं। सर्वे से पता चला कि सिर्फ 27% रिपब्लिकन, 19% निर्दलीय और 8% डेमोक्रेट ही टेस्ला खरीदने में दिलचस्पी रखते हैं। वहीं, 49% अमेरिकी अब टेस्ला को नकारात्मक रूप से देखते हैं, जबकि 37% की राय सकारात्मक है।