2022 Aprilia SR 160 and SR 125
- फोटो : Aprilia
नए अपडेटेड 2022 Aprilia SR 125 और SR 160 स्कूटर भारत में लॉन्च हो गए हैं। कंपनी ने भारतीय बाजार में पुणे में 2022 Aprilia SR 125 की एक्स-शोरूम कीमत 1.08 लाख रुपये और SR 160 की एक्स-शोरूम कीमत 1.17 लाख रुपये तय की है। पुराने मॉडलों की तुलना में, नए मॉडल करीब 12,000 रुपये से 13,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं। 2022 अप्रिलिया SR 160 का मुकाबला हाल ही में लॉन्च किए गए Yamaha Aerox 155 से होगा। वाहन निर्माता का कहना है कि अपडेटेड SR रेंज "इटैलियन डिजाइन को दर्शाती एक नई डिजाइन लैंग्वेज को शामिल करती है"।
नया लुक और स्टाइल
नई 2022 अप्रिलिया SR 125 और SR 160 की डिजाइन और स्टाइलिंग RSV4 सुपरबाइक से प्रेरित है। स्कूटर के 'रेस' ट्रिम में RS-GP से प्रेरित बॉडी ग्राफिक्स और हैंड गार्ड मिलते हैं। दोनों मॉडल नए वी-आकार के एलईडी हेडलैंप और एलईडी टेललैंप जैसे एलिमेंट्स के साथ देखने में शार्प नजर आते हैं। ग्रैब रेल और एप्रन में भी बदलाव किया गया है। जहां पुराने MRF टायर्स को CEAT यूनिट्स से रिप्लेस किया गया है, वहीं सीट स्प्लिट डिजाइन के साथ पेश की गई हैं। स्कूटर में नकल गार्ड भी दिए गए हैं।
कलर और फीचर्स
अपडेटेड अप्रिलिया SR रेंज को पांच कलर ऑप्शन- ब्लू, मैट ब्लैक, ग्रे, व्हाइट और रेड में पेश किया गया है। दोनों मॉडल में 14-इंच अलॉय व्हील्स और 6-लीटर का फ्यूल टैंक मिलते हैं। अंडर सीट स्टोरेज स्पेस 11-लीटर है। जहां 2022 अप्रिलिया SR 125 एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) के साथ आता है, वहीं नया SR 160 CBS (कंबाइंड ब्रेकिंग सिस्टम) से लैस है। ये स्कूटर SXR 160 से लिए गए फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ आते हैं। डिस्प्ले में टैकोमीटर के साथ स्पीड, यात्रा और ईंधन की खपत की जानकारी देते हैं।
इंजन और पावर
2022 अप्रिलिया SR 160 में पहले की तरह 160 cc, 3 वॉल्व इंजन मिलता है। यह इंजन 7600 rpm पर 10.9 bhp का पावर और 6000 rpm पर 11.6 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। नया SR 125 में भी पहले की तरह 125 cc इंजन दिया गया है। यह इंजन 9.8 bhp का पावर और 9.7 Nm का टार्क जेनरेट करता है।